उत्तराखंडविविध न्यूज़शासन-प्रशासन

आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों का जिलाधिकारी ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 14 मार्च। जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने विभिन्न विभागीय अधिकारियों के साथ आगामी चारधाम यात्रा की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ब्रह्मपुरी परिवहन विभाग चौकी, ब्रह्मपुरी मार्केट, नीरगढ़, तपोवन, खारास्रोत, ढालवाला तथा ब्रह्मपुरी राफ्टिंग प्वाइंट सहित विभिन्न क्षेत्रों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

ब्रह्मपुरी राफ्टिंग प्वाइंट के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जाम की स्थिति से निपटने के लिए राफ्टिंग व पर्यटन गतिविधियों में उपयोग किए जाने वाले वाहनों का पूरा डाटा तैयार किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि राफ्टिंग की बुकिंग किन-किन स्थानों से की जाती है, ताकि यात्रा सीजन में यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
उन्होंने व्यावसायिक रूप से किराये पर दिए जाने वाले दोपहिया वाहनों के संबंध में भी निर्देश दिए कि वाहन स्वामियों के पास उपलब्ध पार्किंग क्षमता का सत्यापन किया जाए। यदि किसी के पास पार्किंग क्षमता से अधिक वाहन पाए जाते हैं तो उन्हें नोटिस जारी किया जाए।
तपोवन क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने डेक्कन वैली मार्ग पर नाले की ओर सुरक्षा उपाय करने, बालक नाथ मार्ग की नाली की मरम्मत कराने, पोलों पर लटकते तारों को व्यवस्थित करने, अनावश्यक पोल कियोस्क हटाने, नालियों की साफ-सफाई कर उन्हें पूर्ण रूप से कवर करने तथा पार्किंग स्थल पर बने राफ्टिंग कार्यालयों को हटाने के निर्देश ईओ तपोवन को दिए।
खारास्रोत पार्किंग के समीप ध्वस्त हुए पुराने पुल का मलबा हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने एनएच अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग की नालियों की सफाई करने तथा शिवपुरी क्षेत्र में पड़े मलबे को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने एक निजी होटल में होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ चारधाम यात्रा और एलपीजी सिलेंडर व्यवस्था को लेकर बैठक की। उन्होंने कहा कि जिन होटलों की पार्किंग क्षमता कम है, वे निजी अथवा सरकारी पार्किंग की व्यवस्था के साथ समन्वय कर वाहनों को पार्क कराएं, ताकि यात्रा सीजन में सड़क पर वाहनों के खड़े होने से जाम की स्थिति न बने। उन्होंने दुकानदारों को भी दुकानों का अतिक्रमण आगे न बढ़ाने की चेतावनी दी और ऐसा पाए जाने पर कार्रवाई करने की बात कही।
एलपीजी सिलेंडर की व्यवस्था के संबंध में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी को निर्धारित गाइडलाइन का पालन करना होगा। प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं, और यदि ऑनलाइन बुकिंग में समस्या हो तो ऑफलाइन व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी। साथ ही अनावश्यक रूप से गोदामों में भीड़ न बढ़ाने की अपील की गई। इस दौरान हिंदुस्तान पेट्रोलियम, भारत पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल के प्रतिनिधियों ने भी आवश्यक जानकारी साझा की।
निरीक्षण और बैठक के दौरान एसएसपी आयुष अग्रवाल, एएसपी दीपक सिंह, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल, एआरटीओ सतेन्द्र राज, डीएसओ मनोज डोभाल, ईओ मुनिकीरेती अंकिता जोशी एवं तपोवन अंजली रावत, एसएचओ प्रदीप चौहान सहित एनएच, सिंचाई और अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


Please click to share News

Govind Pundir

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!