27 सूत्रीय मांगों पर अड़े डिप्लोमा इंजीनियर, हड़ताल 17वें दिन भी जारी — चारधाम तैयारियों समेत निर्माण कार्य प्रभावित

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल, 08 अप्रैल 2026। उत्तराखण्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की अनिश्चितकालीन हड़ताल सत्रहवें दिन भी जारी रही। लंबे समय से शासन स्तर पर लंबित 27 सूत्रीय मांगों के समाधान की मांग को लेकर 23 मार्च 2026 से चल रही इस हड़ताल के क्रम में बुधवार को महासंघ की शाखा टिहरी के सदस्यों ने लोक निर्माण विभाग निरीक्षण भवन, नई टिहरी के समक्ष धरना-प्रदर्शन कर सरकार के प्रति रोष व्यक्त किया।

हड़ताल में जल संस्थान एवं पेयजल निगम के अभियंताओं की सहभागिता के कारण आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित होने लगी हैं। इसके चलते चारधाम यात्रा से संबंधित तैयारियां, हॉटमिक्स कार्य, सेतु निर्माण सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं के कार्य ठप पड़ गए हैं। महासंघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस दौरान महासंघ ने अपनी 27 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन जिला पंचायत अध्यक्षा सुश्री इशिता सजवाण को सौंपा। उन्होंने अभियंताओं की मांगों को उचित बताते हुए सरकार से अपने स्तर पर वार्ता कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
हड़ताल के सत्रहवें दिन शाखा टिहरी की अध्यक्षता शक्ति आर्य ने की तथा संचालन नरेन्द्र भट्ट ने किया। इस अवसर पर महासंघ के सचिव प्रोन्नत अभियंता सतीश भट्ट, मंडल उपाध्यक्ष गढ़वाल विपिन डोभाल, जनपद सचिव राजेन्द्र सोवी, शाखा अध्यक्ष जे.पी. भट्ट, शाखा सचिव आशीष मित्तल सहित अनेक अभियंताओं ने भाग लिया।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!