टिहरी गढ़वाल, 09 अप्रैल 2026: भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (Indo-Tibetan Border Police) द्वारा टिहरी झील में आयोजित 25वें अखिल भारतीय पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर के दूसरे दिन भी उत्साह और प्रतिस्पर्धा चरम पर रही।
देशभर से पहुंचे विभिन्न पुलिस बलों के खिलाड़ियों ने अलग-अलग स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी दक्षता और टीम भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिता स्थल पर रोमांचक मुकाबलों के साथ खेल भावना का भी बेहतरीन उदाहरण देखने को मिला।
टिहरी झील में आयोजित प्रतियोगिता के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले में Indo-Tibetan Border Police (आईटीबीपी) का दबदबा रहा। विभिन्न पुलिस बलों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली, जहां कई टीमें मुख्य रेस से लगभग 30 मीटर के अंतर पर रहीं।
आज के परिणाम
प्रथम स्थान – आईटीबीपी
द्वितीय स्थान – महाराष्ट्र
तृतीय स्थान – पंजाब
प्रतियोगिता में तमिलनाडु, असम राइफल्स, उत्तर प्रदेश पुलिस, महाराष्ट्र और पंजाब की टीमों ने भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री Ajay Tamta मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि वाटर स्पोर्ट्स न केवल शारीरिक क्षमता और साहस को बढ़ाते हैं, बल्कि आपदा प्रबंधन के दौरान भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं। उन्होंने विभिन्न पुलिस बलों के जवानों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कौशल आपात परिस्थितियों में जीवन और संपत्ति की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर उत्तराखंड खेल विकास बोर्ड के अध्यक्ष Kuldeep Butola भी मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
वहीं Manu Maharaj, महानिरीक्षक, उत्तरी सीमांत, ITBP ने कहा कि इस तरह के आयोजन विभिन्न सुरक्षा बलों के बीच समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और साहस को मजबूत करते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे मंच जवानों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं।
उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता का उद्घाटन 08 अप्रैल 2026 को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami द्वारा किया गया था। चार दिवसीय यह आयोजन 12 अप्रैल 2026 तक टिहरी झील में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न पुलिस बलों के खिलाड़ी जलक्रीड़ा की कई प्रतिस्पर्धाओं में भाग ले रहे हैं।




