टिहरी गढ़वाल, 16 अप्रैल 2026। ऑपरेशन प्रहार के तहत टिहरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फर्जी बिजली विभाग का अधिकारी बनकर साइबर ठगी करने वाले एक अभियुक्त को थाना लमबगांव पुलिस ने झारखंड से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 19 फरवरी 2026 को ग्राम हैरवाल निवासी महेश सिंह रावत से अज्ञात व्यक्ति ने बिजली विभाग का अधिकारी बनकर फर्जी लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करते ही उनके खाते से ₹2,59,500 की रकम निकाल ली गई। शिकायत पर थाना लमबगांव में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने 14 अप्रैल 2026 को बागबेडा, जमशेदपुर (झारखंड) निवासी 22 वर्षीय शिवम कुमार साहू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह संगठित गिरोह के साथ मिलकर गरीब लोगों के बैंक खाते खुलवाकर कमीशन के बदले ठगी की रकम का लेन-देन करता था। मामले में आईटी एक्ट की धारा 66D भी बढ़ाई गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त को ट्रांजिट रिमांड पर टिहरी गढ़वाल लाया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।




