टिहरी गढ़वाल । राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जनपद टिहरी गढ़वाल को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है। विकासखंड चंबा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर, बादशाहीथौल ने राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 87.59 प्रतिशत अंक प्राप्त कर NQAS प्रमाणन हासिल किया है। यह उपलब्धि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, सतत सुधार और मरीज-केंद्रित सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमाण मानी जा रही है।
मुख्य चिकित्साधिकारी, टिहरी गढ़वाल ने इस सफलता पर प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पुखराज सहित आयुष्मान आरोग्य मंदिर बादशाहीथौल की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह प्रमाणन स्वास्थ्य विभाग के निरंतर प्रयासों, टीमवर्क और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, एएनएम तथा समस्त सहयोगी स्टाफ के कार्यों की सराहना करते हुए इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने जिला गुणवत्ता टीम (District Quality Team) की भी विशेष प्रशंसा की, जिन्होंने मार्गदर्शन, मॉनिटरिंग और तकनीकी सहयोग प्रदान कर प्रमाणन प्रक्रिया को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि जिला गुणवत्ता टीम का समर्पित प्रयास इस उपलब्धि का प्रमुख आधार रहा है।
सीएमओ ने जनपद के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों से भी NQAS प्रमाणन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की, ताकि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। बादशाहीथौल की यह सफलता अन्य स्वास्थ्य इकाइयों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।




