टिहरी गढ़वाल, 16 अप्रैल 2026। विकासखंड घनसाली के ग्राम गेंवाली में निर्माणाधीन पुल कार्य में लापरवाही और अनियमितताओं की शिकायत सामने आने पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कड़ा रुख अपनाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने तत्काल तीन सदस्यीय जांच समिति गठित कर एक सप्ताह में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।जानकारी के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 को गांव के निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने पुल निर्माण कार्य में देरी, गुणवत्ता पर सवाल और भुगतान में अनियमितताओं की शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत गेंवाली गांव को जोड़ने वाले इस पुल का निर्माण पिछले दो वर्षों से चल रहा है, लेकिन अभी तक कार्य पूरा नहीं हो सका है। आरोप है कि बीते वर्ष आई आपदा में पुल पर किया गया निर्माण बह गया था, इसके बावजूद संबंधित ठेकेदार को कार्य पूर्ण किए बिना ही भुगतान कर दिया गया।पुल निर्माण की धीमी प्रगति और विभागीय लापरवाही को लेकर ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों में रोष बना हुआ है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी घनसाली अलकेश नौडियाल की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की है। समिति में अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग घनसाली तथा अधिशासी अभियंता, सिंचाई खंड टिहरी को सदस्य नामित किया गया है।डीएम ने समिति को निर्देश दिए हैं कि पुल निर्माण में पूर्व में किए गए कार्यों की गुणवत्ता, वित्तीय भुगतान और पूरी प्रक्रिया की बिंदुवार जांच कर एक सप्ताह के भीतर संयुक्त आख्या प्रस्तुत करें। प्रशासन की इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की उम्मीद जगी है।
गेंवाली पुल निर्माण में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई, डीएम ने गठित की तीन सदस्यीय जांच समिति

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन
वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।



