नई टिहरी में भाजपा का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग शुरू, छह सत्रों में संगठन की नीति-विचारधारा पर मंथन

Govind Pundir
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल। भारतीय जनता पार्टी का दीनदयाल उपाध्याय दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग शुक्रवार को बौराड़ी में शुरू हुआ। पहले दिन आयोजित छह सत्रों में पार्टी के सैद्धांतिक अधिष्ठान, इतिहास व विकास, कार्यकर्ता विकास, संभाल व अपेक्षाएं, कार्य पद्धति, देश के समक्ष चुनौतियां तथा संगठन विस्तार जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करते हैं और उन्हें पार्टी की नीतियों व सरकार के कार्यों की व्यापक जानकारी प्रदान करते हैं।

जिलाध्यक्ष उदय रावत की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार और महामंत्री कुंदन परिहार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन कर संगठन की नीतियों और कार्यक्रमों की जानकारी भी दी।पहले सत्र में अजेय कुमार ने पार्टी के सैद्धांतिक अधिष्ठान पर विचार रखते हुए बताया कि यह पांच प्रमुख स्तंभों—एकात्म मानववाद, अंत्योदय, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, पंच निष्ठा और वैचारिक प्रतिबद्धता—पर आधारित है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ कार्य करना चाहिए।

दूसरे सत्र में कुंदन परिहार ने पार्टी के इतिहास और विकास पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वर्ष 1951 में जनसंघ के रूप में इसकी नींव रखी गई और 6 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी का गठन हुआ। शुरुआती दौर में लोकसभा में पार्टी के केवल दो सांसद थे, लेकिन राम मंदिर आंदोलन के बाद संगठन ने तेजी से विस्तार किया। उन्होंने तीन बार अटल बिहारी वाजपेयी के प्रधानमंत्री बनने और वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी के सशक्त होने का उल्लेख किया।

तीसरे सत्र में प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान ने कार्यकर्ता विकास, संभाल और अपेक्षाओं पर मार्गदर्शन दिया। चौथे सत्र में उत्तरकाशी जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान ने कहा कि भाजपा संगठन, विचारधारा और अनुशासन के त्रिकोण पर आधारित पार्टी है। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठनात्मक ढांचे और समर्पित कार्यकर्ताओं के कारण ही पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।अन्य सत्रों में देश के समक्ष चुनौतियां और कार्य विस्तार पर भी चर्चा हुई।

कार्यक्रम में घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह, विनोद सुयाल, खेम सिंह चौहान, वीरेंद्र राणा, प्रवीन लेखवार, धन सिंह नेगी, विजय पंवार, जयेंद्र सेमवाल, बलवंत रावत सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!