टिहरी गढ़वाल 18 अप्रैल 2026 । जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कोटी कॉलोनी–जाख–डोबरा पर्यटन सड़क निर्माण से प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में ग्राम जाख, तिवाड़गांव और पलास के ग्रामीणों ने भाग लेते हुए भूमि एवं अन्य परिसंपत्तियों के सर्वे को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं।ग्रामीणों ने बताया कि सर्वे टीम द्वारा उनकी भूमि और संपत्तियों का सही आकलन नहीं किया गया है, जिससे उचित मुआवजा मिलने में कठिनाई आ सकती है। इस पर जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक प्रभावित की बात विस्तार से सुनी और निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन लोगों को अपने भूमि या संपत्ति के आकलन पर आपत्ति है, वे लिखित रूप में शिकायत प्रस्तुत करें। इस दौरान कुल 14 लिखित आपत्तियां प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन आपत्तियों के आधार पर पुनः सर्वे करते हुए विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित ग्रामीणों को न्यायोचित समाधान मिल सके।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि किसी भी प्रभावित व्यक्ति के साथ अन्याय न हो तथा सभी को पारदर्शी और निष्पक्ष प्रक्रिया के तहत उचित मुआवजा मिले। उन्होंने संबंधित विभागों को सर्वे कार्य में पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग केएस नेगी, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई अविनाश सैनी, बीना सेमवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा संबंधित गांवों के काश्तकार उपस्थित रहे।




