फ़कोट बीडीसी बैठक में जनसमस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल। जनपद टिहरी गढ़वाल क्षेत्रांगत नरेंद्रनगर (फ़कोट) में आयोजित बीडीसी बैठक ब्लॉक प्रमुख दीक्षा राणा की अध्यक्षता में आयोजित हुई, इस बैठक में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल भी उपस्थित रहे।

बैठक में कैबिनेट मंत्री ने अपने संबोधन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भुवन सिंह खंडूरी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्व. खंडूरी एक जांबाज सैनिक एवं समर्पित जनसेवक थे, जिन्होंने अपने जीवन को प्रदेश एवं देश की सेवा के लिए समर्पित किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

बैठक के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं एवं विकास कार्यों पर बिंदुवार चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों द्वारा मुख्य रूप से लोक निर्माण विभाग, पेयजल, ग्राम्य विकास विभाग एवं पंचायती राज विभाग से संबंधित समस्याएं उठाई गईं। संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।

इस दौरान ग्राम सभा बवाणी की प्रधान रिंकी पुण्डीर ने सदन में पेयजल एवं सड़क समस्याओं से संबंधित प्रस्ताव प्रस्तुत किया। देवलघार क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेन्द्र भण्डारी ने हिन्डोलाखाल-शिवपुरी मोटर मार्ग की जर्जर स्थिति का मुद्दा उठाते हुए कहा कि मार्ग की हालत अत्यंत खराब है तथा पीएमजीएसवाई द्वारा कार्य में तेजी लाने की आवश्यकता है। उन्होंने राइका देवलधार में शिक्षकों की आपसी गुटबाजी का प्रभाव छात्रों पर पड़ने की शिकायत भी की।

ग्राम सभा आम पाटा के प्रधान भगत सिंह भण्डारी ने पिछली बीडीसी बैठक में उठाए गए मुद्दों का अब तक समाधान न होने पर नाराजगी व्यक्त की। ग्राम पंचायत गैण्डी के प्रधान कलम सिंह नेगी ने दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन पर अभी तक कार्य शुरू न होने की शिकायत की।

ग्राम प्रधान निगेर कान्ता देवी एवं प्रधान रणाकोट भगवान सिंह ने अपने-अपने गांवों में पेयजल संकट की समस्या को प्रमुखता से उठाया। वहीं क्षेत्र पंचायत सदस्य सपना देवी ने खाड़ी पीएचसी की जीर्ण-शीर्ण स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए भवन के शीघ्र सुधार एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ किए जाने की मांग की।

बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख गीता दवांण, कनिष्ठ उप प्रमुख दुर्गा रावत, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं ग्राम प्रधान, डीएफओ टिहरी पुनीत तोमर, डीएफओ नरेंद्रनगर दिगंत नायक, एसडीएम नरेंद्रनगर आशीष, बीडीओ श्रुति वत्स सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनता उपस्थित रही।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!