Ad image

आधुनिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने पर एसएसपी का जोर, पुलिस कार्यालय की शाखाओं का किया औचक निरीक्षण

Govind Pundir
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 03 जून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्रीमती श्वेता चौबे ने बुधवार को पुलिस कार्यालय स्थित विभिन्न महत्वपूर्ण शाखाओं का औचक निरीक्षण कर कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग, अभिलेख प्रबंधन, वैज्ञानिक अनुसंधान और संचार व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल रूम (डीसीआर) का निरीक्षण करते हुए जनसामान्य से प्राप्त शिकायतों और आपातकालीन सूचनाओं के त्वरित संकलन, संप्रेषण एवं निस्तारण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा सूचना संचार प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
इसके बाद उन्होंने डिस्ट्रिक्ट क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (डीसीआरबी) का निरीक्षण कर अपराध अभिलेखों, अपराधियों के रिकॉर्ड, लंबित विवेचनाओं तथा डिजिटल डेटा प्रबंधन प्रणाली की जांच की। उन्होंने अपराध संबंधी अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने और तकनीक आधारित रिकॉर्ड प्रबंधन को मजबूत बनाने पर बल दिया।
वायरलेस वर्कशॉप के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पुलिस संचार उपकरणों की कार्यशीलता, रखरखाव एवं मरम्मत व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद के सभी संचार उपकरण पूरी तरह क्रियाशील रहें तथा तकनीकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में संचार व्यवस्था बाधित न हो।
निरीक्षण के दौरान नफीस सेल में फिंगरप्रिंट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के संकलन, संरक्षण एवं विश्लेषण संबंधी कार्यों की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने कहा कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्य अपराधों के सफल अनावरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उपलब्ध आधुनिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर एसएसपी श्वेता चौबे ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, सुदृढ़ अभिलेख प्रबंधन, वैज्ञानिक अनुसंधान तथा प्रभावी संचार व्यवस्था आधुनिक पुलिसिंग की आधारशिला हैं, जिनके माध्यम से आमजन को बेहतर और त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं।
उन्होंने कहा कि जनपद पुलिस को जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर पेशेवर दक्षता, तकनीकी कौशल और कार्यकुशलता में वृद्धि करते हुए उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान करनी होंगी। टिहरी गढ़वाल पुलिस आमजन को त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!