टिहरी गढ़वाल । बौराड़ी स्थित गणेश चौक में आयोजित तीन दिवसीय मैती मिलन कार्यक्रम के दूसरे दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सम्मान समारोह और सामाजिक सरोकारों की शानदार झलक देखने को मिली। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय और टिहरी पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
अपने संबोधन में डॉ. धन सिंह रावत ने मैती मिलन कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को अपनी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने आयोजक अनुसूया नौटियाल और उनकी पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई दी।
मंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि क्षेत्र के विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में नए पाठ्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष एमबीए और एमसीए पाठ्यक्रम शुरू होंगे तथा पर्यटन विषय में भी डिग्री पाठ्यक्रम संचालित किया जाएगा। इसके अलावा प्रदेश के 10 हजार विद्यार्थियों को आईएएस, पीसीएस, आईआईटी और एनआईटी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन और ऑफलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी, जिसका पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय ने मैती मिलन समारोह के लिए दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने अनुसूया नौटियाल और पूरी आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम प्रवासी और स्थानीय समाज को जोड़ने का बेहतरीन मंच बन चुका है। उन्होंने भविष्य में इसे और बड़े स्तर पर आयोजित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान समाज सेवा और जनहित के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. राकेश भूषण गोदियाल एवं नागरिक मंच अध्यक्ष सुंदर लाल उनियाल को वर्ष 2026 का “मैती मिलन पुरस्कार” प्रदान किया गया। साथ ही क्षेत्र के मेधावी छात्र-छात्राओं को भी कैबिनेट मंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्य में पहुंचे सभी आगंतुक ध्याणियों और मैतीजनों को मंत्री और अतिथियों के हाथों पारंपरिक कलेऊ वितरित किया गया। वहीं सांस्कृतिक संध्या में सुरगंगा संगीत महाविद्यालय तथा लोकगायक वीरेन्द्र राजपूत की शानदार प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। उनके गीतों पर दर्शक देर शाम तक झूमते और थिरकते नजर आए।
मैती मिलन कार्यक्रम के संयोजक अनुसूया नौटियाल ने बताया कि समारोह के अंतिम दिन रविवार सुबह जे-ब्लॉक स्थित गो लोक धाम के आसपास वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद भंडारे के साथ तीन दिवसीय मैती मिलन समारोह का समापन होगा।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, राज्य मंत्री खेम सिंह चौहान, पूर्व मंत्री दिनेश धनाई, पूर्व विधायक धन सिंह नेगी, पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत, पालिका अध्यक्ष चम्बा शोभनी धनौला, चम्बा प्रमुख सुमन सजवान, सुषमा उनियाल, जीतराम भट्ट, देवेंद्र नौडियाल, राकेश राणा, अनुराग पन्त, कमल सिंह महर, जगजीत सिंह नेगी, त्रिलोक चंद रमोला, लक्ष्मण रावत, उर्मिला राणा, जिला पंचायत सदस्य दर्शनी रावत, रागिनी भट्ट , यशोदा नेगी, राकेश मोहन भट्ट, महावीर उनियाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सतीश थपलियाल ने किया।




