उत्तराखंड के सपनों को साकार करने के लिए सबको मिलकर करना होगा कार्य: खेम सिंह चौहान राज्य मंत्री

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई जारी रहेगी: डॉ. राकेश गोदियाल

टिहरी गढ़वाल 14 जून । उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच, टिहरी गढ़वाल का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को सामुदायिक मिलन केंद्र बौराडी में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं राज्य मंत्री खेम सिंह चौहान ने मंच के जिला अध्यक्ष डॉ. राकेश भूषण गोदियाल एवं उनकी टीम को पद तथा गोपनीयता की शपथ दिलाई।
समारोह की अध्यक्षता नागरिक मंच के अध्यक्ष सुंदर लाल उनियाल ने की जबकि कार्यक्रम का संचालन महामंत्री किशन सिंह रावत ने किया।

अपने संबोधन में राज्य मंत्री खेम सिंह चौहान ने कहा कि उत्तराखंड की अलग राज्य की मांग केवल राजनीतिक माँग नहीं थी, यह पहाड़ की जनता के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम था। उन्होंने कहा कि शहीदों की शहादत हमेशा याद रहेगी और उनकी कुर्बानियों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी को याद करते हुए कहा कि उत्तराखंड राज्य उनकी देन है। कहा कि राज्य गठन के बाद उत्तराखंड में विकास के कार्य हुए हैं, पर सही और समावेशी विकास के लिए अभी भी चुनौतियाँ बाकी हैं। उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार, किसानों के लिए बेहतर अवसर और समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर दिया तथा प्रदेश के उज्जवल भविष्य के लिए सभी से मिलकर काम करने का आह्वान किया।
उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के जिला अध्यक्ष डॉ. राकेश भूषण गोदियाल ने आंदोलन के संघर्षपूर्ण इतिहास और आंदोलनकारियों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए संगठन को मजबूत करने तथा आंदोलनकारियों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा हेतु निरंतर प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान आंदोलन में सक्रिय रहे पत्रकारों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने मीडिया और कर्मचारियों के सहयोग की भूमिका विशेष रूप से रेखांकित की, कहा कि उनके सहयोग के बिना आंदोलन जन-जन तक पहुंचा पाना संभव नहीं था।
कार्यक्रम में टिहरी के पूर्व छात्र नेता योगेश पाल और अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त निशानेबाज जसपाल राणा के हालिया आकस्मिक निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

समारोह में ममता उनियाल, महावीर उनियाल, राजेंद्र असवाल, राकेश राणा, अनुसूया नौटियाल, महिपाल नेगी, मुशर्रफ़ अली, जगदम्बा रतूड़ी, देवेंद्र नौडियाल, कमल सिंह महर , शिक्षक नेता महादेव मैठाणी, कामरेड श्रीपाल चौहान सहित बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समापन पर डॉ. राकेश भूषण गोदियाल ने सभी अतिथियों व उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया जबकि अध्यक्षता कर रहे सुंदर लाल उनियाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत कर कार्यक्रम समापन की घोषणा की।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!