एसएसपी श्वेता चौबे के एक्शन से बड़ी कामयाबी, फर्जी हस्ताक्षरों और निकासी वाउचरों से किया था लाखों का गबन
टिहरी गढ़वाल 3 जुलाई। टिहरी पुलिस ने आर्थिक अपराध के एक बड़े मामले का पर्दाफाश करते हुए उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक की कमांद शाखा के तत्कालीन कैशियर को करीब 54 लाख रुपये के गबन के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की सटीक विवेचना और मजबूत साक्ष्यों के आधार पर देहरादून से आरोपी की गिरफ्तारी ने यह साफ कर दिया है कि जनता की मेहनत की कमाई हड़पने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस के अनुसार, 30 जून को उत्तराखण्ड ग्रामीण बैंक की कमांद शाखा के शाखा प्रबंधक ने ई-एफआईआर दर्ज कराई थी। बैंक की आंतरिक ऑडिट और जांच समिति की रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि तत्कालीन कैशियर अभिलाष शर्मा ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कई खाताधारकों के खातों से फर्जी हस्ताक्षरों और फर्जी निकासी वाउचरों के जरिए करीब 54 लाख रुपये निकाल लिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्वेता चौबे ने तत्काल विशेष पुलिस टीम का गठन किया। अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी चंबा के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने बैंक रिकॉर्ड, खाताधारकों के स्टेटमेंट, निकासी वाउचर, वित्तीय लेन-देन और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की गहन जांच की। जांच में सामने आया कि गबन की गई रकम का एक हिस्सा आरोपी ने अपने और अपने रिश्तेदारों के खातों में भी ट्रांसफर किया था।
पुख्ता साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने देहरादून में दबिश देकर 2 जुलाई को आरोपी अभिलाष शर्मा को उसके बड़ोवाला स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी की संलिप्तता से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। पुलिस अब गबन की पूरी रकम, उसके फंड फ्लो और इस मामले में अन्य संभावित लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि आर्थिक अपराध केवल धन की चोरी नहीं, बल्कि जनता के विश्वास पर भी सीधा हमला हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि टिहरी पुलिस आर्थिक अपराधों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है और अपराधी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे कानून के दायरे में लाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष छाम उपनिरीक्षक दिलबर सिंह नेगी, उपनिरीक्षक मनवीर सिंह चौहान, अपर उपनिरीक्षक जुगल किशोर भट्ट, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र बिष्ट, हेड कांस्टेबल कुंवरवीर सिंह, कांस्टेबल मुकेश भट्ट तथा कांस्टेबल नीलम राठौर शामिल रहे।
* हाइलाइट्स
₹54 लाख के बैंक गबन का खुलासा
फर्जी हस्ताक्षरों और निकासी वाउचरों से खातों से निकाली गई रकम
देहरादून से आरोपी कैशियर गिरफ्तार
रिश्तेदारों के खातों में भी ट्रांसफर हुई थी गबन की रकम
टिहरी पुलिस की सटीक विवेचना से आर्थिक अपराधी सलाखों के पीछे




