टिहरी गढ़वाल 7 जुलाई । टिहरी गढ़वाल के लिए गर्व की बात है कि पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले बिलेश्वर झल्डियाल का चयन राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित “कम्मू राष्ट्र गौरव सम्मान–2026” के लिए किया गया है। चयन समिति द्वारा जारी छठी संशोधित सूची में उनका नाम शामिल किया गया है।

यह सम्मान कमला देवी जनसेवा संस्थान (KAMUL), सीकर (राजस्थान) द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले देशभर के 12 प्रतिभागियों को प्रदान किया जा रहा है। बिलेश्वर झल्डियाल का चयन पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए किया गया है।
चयन समिति के अनुसार, सभी चयनित प्रतिभागियों को 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय स्तर के ऑनलाइन “कम्मू राष्ट्र गौरव सम्मान–2026” समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
संस्थान की ओर से जारी सूची में राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, महाराष्ट्र, जम्मू और उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों के 12 प्रतिभागियों का चयन किया गया है। इनमें उत्तराखंड से टिहरी गढ़वाल के बिलेश्वर झल्डियाल को स्थान मिलना जनपद के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।
बिलेश्वर झल्डियाल के चयन पर क्षेत्र के सामाजिक संगठनों, पर्यावरण प्रेमियों तथा शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।



