Ad image

महिला स्वावलंबन की मिसाल बनी धात्री स्वायत्त सहकारिता, डीएम ने की प्रशंसा

Govind Pundir
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 8 जुलाई। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने मंगलवार को विकासखंड जौनपुर क्षेत्र के कैम्पटी स्थित ‘धात्री स्वायत्त सहकारिता’ का निरीक्षण कर स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय उत्पादों का अवलोकन किया। उन्होंने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे स्थानीय आजीविका और महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बताया।

निरीक्षण के दौरान धात्री स्वायत्त सहकारिता के संचालक विरेन्द्र वर्मा ने जिलाधिकारी को बताया कि यह पहल मसूरी वन प्रभाग के अंतर्गत लखवाड़ बांध कैट प्लान के माध्यम से संचालित की जा रही है। इसके माध्यम से सिया गांव, जेठू की काण्डी (काण्डीखाल), काण्डी, डिगोन सहित आसपास के अनेक गांवों की महिलाएं पहाड़ी दालें, पारंपरिक मसाले, विभिन्न प्रकार के अचार, झंगोरा, मंडुवा आटा, चटनियां, बुरांश, नींबू एवं आंवला जूस, फलों का जैम, भीमल, रीठा और आंवले से तैयार बिना रसायन वाला सूखा शैंपू, मंडुवा-झंगोरा बर्फी एवं लड्डू, रिंगाल से बने आकर्षक हस्तशिल्प उत्पाद सहित कई स्थानीय उत्पाद तैयार कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में तिमला, बेडू, किनगोड़, हिंसर, काली हिंसर, टिमरू, कड़ी पत्ता, भीमल, आंवला, रीठा, बिच्छूघास और तेजपात जैसे वन उत्पाद प्रचुर मात्रा में उपलब्ध हैं। इनका वैज्ञानिक ढंग से संग्रहण कर महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाता है, जिसके बाद मूल्य संवर्धित उत्पाद तैयार कर बाजार तक पहुंचाए जा रहे हैं।

इसके अलावा धात्री स्वायत्त सहकारिता के माध्यम से अनेक गांवों की महिलाओं को ढींगरी मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण भी दिया गया है। महिलाओं द्वारा तैयार किया गया ढींगरी मशरूम का अचार उपभोक्ताओं के बीच काफी लोकप्रिय हो रहा है।

जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय संसाधनों पर आधारित ऐसे प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

उन्होंने धात्री स्वायत्त सहकारिता के संचालक विरेन्द्र वर्मा के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और भविष्य में भी स्थानीय उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने तथा अधिक से अधिक महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए निरंतर कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!