Ad image

नई टिहरी सी-ब्लॉक में भूस्खलन का खतरा, तीन परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया

Govind Pundir
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

डीएम ने किया निरीक्षण, सुरक्षा दीवार का निर्माण प्राथमिकता पर शुरू करने के दिए निर्देश

नई टिहरी, 10 जुलाई। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच नई टिहरी के सी-ब्लॉक स्थित टाइप-3 आवासीय परिसर में संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन परिवारों को एहतियातन सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कर दिया है। साथ ही निर्माणाधीन सुरक्षा दीवार का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने शुक्रवार सुबह मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। तहसीलदार की रिपोर्ट के अनुसार निर्माणाधीन सुरक्षा दीवार के ऊपर स्थित टाइप-3 आवास संख्या-4 के आंगन का पुस्ता लगातार बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है। इस भवन में तीन परिवार रह रहे थे।
एसडीएम कमलेश मेहता ने बताया कि मानसून के दौरान बढ़ते खतरे को देखते हुए आवास संख्या 4/1, 4/3 और 4/4 में रह रहे परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर उनके अस्थायी आवास की व्यवस्था की गई है। भवन पर खतरे का चिन्ह लगाया गया है तथा ढाल को तिरपाल और बालू के थैलों से सुरक्षित करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस को क्षेत्र की बैरिकेडिंग कर 24 घंटे निगरानी और लोगों की आवाजाही नियंत्रित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
प्रशासन के अनुसार सुरक्षा दीवार का शेष निर्माण कार्य अब लोक निर्माण विभाग स्वीकृत डिजाइन के अनुरूप प्राथमिकता से पूरा करेगा। निर्माण की लागत संबंधित भू-स्वामी वहन करेगा, जबकि कार्य में देरी न हो इसके लिए विभाग ने धनराशि की प्रतीक्षा किए बिना ही निर्माण शुरू कर दिया है।
जिला प्रशासन ने अवैज्ञानिक उत्खनन को भी घटना का प्रमुख कारण मानते हुए पुलिस को मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। सुरक्षा दीवार का निर्माण पूरा होने और तकनीकी सुरक्षा प्रमाण-पत्र मिलने के बाद ही प्रभावित परिवारों को दोबारा उनके आवासों में भेजा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान एडीएम शैलेंद्र नेगी, एसडीएम कमलेश मेहता, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, खनन अधिकारी रवि, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!