बाल संरक्षण गृह और दत्तक ग्रहण केंद्र का एडीएम ने किया निरीक्षण, बच्चों के संरक्षण और देखभाल की व्यवस्थाएं मिलीं संतोषजनक

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 24 जुलाई 2026 । अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने गुरुवार देर शाम बौराड़ी स्थित एसओएस बाल संरक्षण गृह एवं दत्तक ग्रहण केंद्र का त्रैमासिक निरीक्षण कर बच्चों के संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और पुनर्वास संबंधी व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संस्थान की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
निरीक्षण में दत्तक ग्रहण केंद्र में एक नवजात शिशु तथा एसओएस बाल संरक्षण गृह में ग्रुप फोस्टर केयर के अंतर्गत 39 बालक-बालिकाएं निवासरत मिले। अधिकारियों ने पाया कि सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित स्वास्थ्य सेवाएं, पौष्टिक भोजन, सुरक्षित आवास और आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराई जा रही है। सभी बच्चे नियमित रूप से विद्यालय में अध्ययनरत हैं।
निरीक्षण दल ने बच्चों के लिए उपलब्ध सुरक्षित, स्नेहपूर्ण और पारिवारिक वातावरण पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान में बच्चों के शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक विकास के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं। उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक गतिविधियों और सुविधाओं का भी बेहतर संचालन पाया गया।
अपर जिलाधिकारी ने बच्चों के सर्वोत्तम हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए संस्थान को संरक्षण, शिक्षा और पुनर्वास से जुड़ी सेवाओं को और अधिक गुणवत्तापूर्ण ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संस्थान के अधिकारियों को आवश्यक सुझाव देते हुए बच्चों के हित में संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य जारी रखने की बात कही।
निरीक्षण दल में एसीएमओ डॉ. बृजेश डोभाल, मनोचिकित्सक डॉ. रीना सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी ज्योति पटवाल, शिक्षा विभाग से सुरेश प्रसाद उनियाल, किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य अमीता रावत तथा पूर्व किशोर न्याय बोर्ड सदस्य प्रेम सिंह बनगाई शामिल रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!