विवाद का पर्याय बनी विकास खंड अधिकारी- तत्काल स्थानांतरण की मांग

admin
4 Min Read
खबर को सुनें

सोनम गुप्ता बीडीओ विकास खंड देवप्रयाग के तत्काल स्थानांतरण की मांग

नई टिहरी * गढ़ निनाद ब्यूरो, 15 नवम्बर 2019

हिंडोलाखाल – देवप्रयाग: विकास खंड देवप्रयाग की जनता एवं जन प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन देकर खंड विकास अधिकारी सोनम गुप्ता के तत्काल स्थानांतरण की मांग की है। स्थानान्तरण न होने पर आमरण अनशन की चेतावनी भी दी। 

कीर्तिनगर विकास खंड से भी जनता ने आंदोलन कर तबादला करवाया

बताते चलें कि खण्ड विकास अधिकारी सोनम गुप्ता का विवादों से पुराना नाता है। इससे पूर्व जब वह कीर्तिनगर विकास खंड में थी तो वहां भी जनता ने बड़ा जनांदोलन कर तालाबंदी की थी, तब जाकर तबादला किया गया था। 

तानाशाह रवैए से जनप्रतिनिधि परेशान 

इसके बावजूद भी खंड विकास अधिकारी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रही हैं। उनके तानाशाह रवैए से परेशान जन प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन देकर उन्हें तत्काल हटाने  की मांग की है।

अधीनस्थ कर्मचारियों ने भी करवाया तबादला

खण्ड विकास अधिकारी का अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ भी बर्ताव अच्छा नहीं है। कर्मचारियों को डराना, धमकाना इनकी फ़ितरत बन गयी है। यही कारण है कि अब तक आधा दर्जन से ज्यादा कर्मचारियों ने अपना स्थानांतरण अन्यत्र करवा लिया है। इनमें 1 सहायक विकास अधिकारी पंचायत, 1 लेखाकार, 1 कनिष्ठ अभियंता, 2 कनिष्ठ अभियंता मनरेगा, 1 उप कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा तथा 1 ग्राम विकास अधिकारी आदि शामिल हैं।

जन प्रतिनिधियों के द्वारा दिए गए ज्ञापन में दो दर्जन से ज्यादा जन-प्रतिनिधियों के हस्ताक्षर हैं । उन्होंने आरोप लगाया कि खंड विकास अधिकारी द्वारा लगातार कर्मचारियों का शोषण एवं झगड़ा किया जाता है, फलस्वरूप लगभग एक दर्जन कर्मचारियों ने अपना स्थानांतरण करवा दिया है। अब दो चार कर्मचारी जो हैं भी उन्हें भी प्रताड़ित किया जाता है तो किसी का वेतन काट देने की धमकी दी जाती है।

तानाशाह रवैए के कारण स्थानांतरित कर्मचारी आने को तैयार नहीं

सोनम गुप्ता का खौफ इतना ज्यादा है कि स्थानांतरण करवा चुके कर्मचारियों की जगह अब कोई अन्य कर्मचारी उनके रहते हुए विकास खंड में आने को तैयार नहीं है। जिससे विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं। ज्ञापन में जिला प्रशासन से वीडियो को तत्काल हटाने तथा स्थानांतरित कर्मचारियों की जगह भरने की मांग की गई है।

विकास कार्य ठप पड़े हुए हैं

कर्मचारियों के स्थानांतरित होने और नए कर्मचारियों के ज्वाइन न करने से विकास कार्य ठप पड़े हुये हैं। 

जन प्रतिनिधियों के द्वारा दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि दो बार विकास खंड मुख्यालय पर तालाबंदी करने के बावजूद खण्ड विकास अधिकारी बाज नहीं आ रही हैं, अगर उन्हें तत्काल नहीं हटाया गया तो विकासखंड मुख्यालय पर आमरण अनशन किया जाएगा जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। 

ज्ञापन देने वालों में निवर्तमान प्रमुख जयपाल सिंह पंवार, देवप्रयाग नगर पालिका के वर्तमान अध्यक्ष कृष्णकांत कोठियाल, पूर्व प्रमुख मगन सिंह बिष्ट, अरविंद सिंह सजवाण, मोरचंद, दर्शनलाल, कमल सिंह, देवेंद्र चौहान, आशीष पंवार, ब्लॉक अध्यक्ष कांग्रेस समेत कई जन-प्रतिनिधि शामिल हैं।

Share This Article
error: Content is protected !!