बाह बाजार देवप्रयाग झूला पुल पुनर्निर्माण को लेकर धरना प्रदर्शन

Govind Pundir
2 Min Read
खबर को सुनें

देवप्रयाग स्थित बाह बाजार का पुल लंबे समय से जर्जर स्थिति में है और लोनिवि ने पुल पर नो एंट्री का बोर्ड लगाकर पल्ला झाड़ लिया है। जनप्रतिनिधियों ने भी पुल के पुनर्निर्माण, बजट आवंटन की लंबी लंबी घोषणाएं कर इतिश्री कर दी है।  यह पुल पौड़ी और टिहरी जिले को जोड़ने वाला पुल है और बाहबाज़ार और आस पास के गांवों की बड़ी आबादी के आवाजाही का एक मात्र साधन है।

पुल के पुनर्निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों ने शहर कांग्रेस की अगुवाई में धरना प्रदर्शन कर लोनिवि व क्षेत्रीय विधायक के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने एक सप्ताह में पुल निर्माण का काम शुरू न किये जाने पर आवागमन पूरी तरह ठप किये जाने की चेतावनी दी है। डीएम टिहरी के सामने भी बीते पांच जुलाई को तहसील दिवस पर जनता ने इस मुद्दे को प्रमुखता से रखा था, बाबजूद मामले में शासन-प्रशासन चुप्पी साधे हुए है।

प्रदर्शनकारियों ने इस सम्बंध में डीएम और लोनिवि के मुख्य अभियंता को ज्ञापन भी प्रेषित किया है। उनका कहना है कि देवप्रयाग की पौड़ी जिले में स्थित बड़ी आबादी की जीवनरेखा यह पुल नितांत आवश्यक है, सरकार इस ओर ध्यान दे और जल्द से जल्द इस पुल का पुनर्निर्माण कार्य प्रारंभ करवाये।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल समेत तमाम लोगों ने सभी दलों से बाह बाजार झूला पल निर्माण के मुद्दे पर एक होकर संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हफ्ते भर में पुल का निर्माण शुरु नहीं होता है, तो पुल के एक छोर पर कांग्रेस धरना-प्रदर्शन के साथ भूख हड़ताल शुरु करेगी।

प्रदर्शन करने वालों में मुकेश प्रयागवाल,नगर कांग्रेस अध्यक्ष त्रिवेंद्र रावत ,जगदीश चंद्र आर्य, अनुसूया मिश्रा, यमुना प्रसाद, प्यारेलाल कोटियाल , प्रमोद टोडरिया, राहुल कोटियाल, शोभी डबराल, गायत्री देवी, वसन्ती देवी, माया देवी, प्रीती भट्ट, शैला आदि शामिल थे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!