विविध न्यूज़

किशोर उपाध्याय ने की नये जिलों की मांग

Please click to share News

खबर को सुनें

गढ़ निनाद न्यूज़* 25 अक्टूबर 2020

नई टिहरी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने राज्य में नये ज़िलों के सृजन की माँग की है। उन्होंने यह भी कहा है कि राज्य में विधान सभाओं की संख्या 70 से बढ़ाकर 100, लोक सभा में 5 से बढ़ाकर 10 और राज्य सभा में 3 से बढ़ाकर 5 की जाय।

उपाध्याय ने मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष को पत्र लिखकर कहा है कि “विषम भौगौलिक परिस्थितियों और विकास में सर्वांगीण विकास की भावना की उपेक्षा तथा जल, जंगल, ज़मीं व पर्यावरण की रक्षा की भावना से उत्तराखंड राज्य आन्दोलन परवान चढ़ा और आज हम सबकी अदूरदर्शिता के कारण लुंज-पुंज राज्य हमारे सामने है।

राज्य आन्दोलन की भावना की रक्षा दूर की कौड़ी हो गयी है। राज्य निवासी निराश हैं और अब तो यह भी कहने में गुरेज़ नहीं कर रहे कि इससे अच्छे तो हम उत्तर प्रदेश में थे। राज्य के अस्तित्व में आये दो दशक होने जा रहे हैं। छोटे राज्यों को अस्तित्व में लाने की मुख्य भावना जन का सत्ता से सम्पर्क सुगम-सुलभ हो, समय को बचाने वाला हो और इसी भावना से 70 विधान सभा क्षेत्र बनाये गये, लेकिन उस हिसाब से हम प्रशासनिक इकाईयाँ नहीं बना पाये।

कहा कि अपने प्रदेश अध्यक्षीय काल में मैंने राज्य व केंद्र सरकार को सुझाव दिया था कि जन सुविधा और जन आकांक्षाओं के अनुरूप राज्य में नयी प्रशासनिक इकाईयों अर्थात् नये ज़िलों का सृजन किया जाय, विधान सभा क्षेत्रों की संख्या का विस्तार कर 100 किया जाय, लोक सभा क्षेत्रों की संख्या 5 से बढ़ाकर 10     की जाय और राज्य सभा में प्रदेश का कोटा 3 से बढ़ाकर 5 किया जाय।

उपाध्याय ने उम्मीद जताई है कि उनके सुझावों पर गौर किया जाएगा तथा चुनावी वर्ष आरम्भ होने से पहले राज्य में नये ज़िलों का सृजन  हो पाएगा। कहा कि 2007-12 की सरकार ने चार नये ज़िलों के सृजन का शासनादेश किया था। जो अब तक अस्तित्व में नहीं आये हैं। 


Please click to share News

Govind Pundir

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!