बौराड़ी में सरेआम फायरिंग से सनसनी, पुलिस की तत्परता से आरोपी गिरफ्तार

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 30अगस्त 2024। नई टिहरी की शांत और सुरम्य वादियों में आज दोपहर एक चौंकाने वाली घटना ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। शहर के नगरपालिका के सामने डीडी मोटर्स के समीप, एक युवक ने सरेआम पिस्टल निकालकर पास के हीरो कम्पनी के शोरूम में कार्यरत रजत अरोड़ा पर फायरिंग की, जो कि पास के सीसीटीवी कैमरों में स्पष्ट रूप से कैद हो गई। हालांकि रजत पर गोली नहीं लगी उसकी जान बच गयी। यह घटना इसलिए और भी चौंकाने वाली है क्योंकि नई टिहरी जैसी शांत जगह में इस तरह की वारदात पहले कभी देखने को नहीं मिली थी।

घटना के दौरान, जिस युवक पर फायरिंग करने की कोशिश की गई, उसका नाम रजत अरोड़ा है और वह डी डी मोटर्स के पास के एक हीरो शोरूम में सेल्समैन के रूप में कार्यरत है । बताया जा रहा है पहले दोनों की शोरूम के अंदर काफ़ी बहसबाजी हुई। रजत आरोपी के मबसूबे को भाँपते हुए सामने देव मोटर्स में जा घुसा। लेकिन आरोपी ने वहीं जाकर फायर कर दी और आराम से पैदल ही वहां से चला गया। फायर तो मिस हो गयी मगर इस घटना से वहां हड़कंप मच गया, और स्थानीय लोग स्तब्ध रह गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। पुलिस की तत्परता से, घटना के मात्र एक घंटे के भीतर ही फायरिंग करने वाले व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने आरोपी से फायरिंग में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद कर ली है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि फायरिंग करने वाला युवक राजस्थान का निवासी है, जो हाल ही में नई टिहरी पहुंचा था। पुलिस ने घटना स्थल पर जाकर आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की और घटना के संबंध में जानकारी जुटाई । पुलिस दोनों को पकड़ कर ले गयी है, उनसे पूछताछ कर रही है।

अपुष्ट सूत्रों का मानना है कि रजत की अक्सर आरोपी की बहन से फोन पर बातचीत होती थी और इसी बात से आरोपी बदला लेने की फिराक में था। पुलिस की जांच से हकीकत सामने आ पाएगी।

बहरहाल इस घटना ने नई टिहरी के निवासियों को झकझोर कर रख दिया है, और इसने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई चिंताएं पैदा कर दी हैं।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!