Ad image

टिहरी झील में पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता का तीसरा दिन

Govind Pundir
2 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल, 21 दिसंबर 2024। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद द्वारा आयोजित पैराग्लाइडिंग एक्रो एवं एसआईवी प्रतियोगिता के तीसरे दिन प्रतिभागियों ने हवा में अद्भुत करतब दिखाकर पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देश-विदेश से आए पैराग्लाइडिंग पायलटों ने अपने साहस और कौशल का प्रदर्शन करते हुए टिहरी झील के आकाश को रोमांच से भर दिया।

पैराग्लाइडिंग मंत्रा के निदेशक तानाजी टाकवे ने जानकारी दी कि प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित हो रही है। आज द्वितीय चरण सफलतापूर्वक पूरा हुआ। प्रथम चरण में एसआईवी वर्ग में 60 और एक्रो वर्ग में 40 पायलटों ने हिस्सा लिया, जिन्होंने द्वितीय चरण भी सफलतापूर्वक पूरा किया। विजेताओं का चयन तीनों चरणों के परिणामों के आधार पर किया जाएगा।

जिला पर्यटन एवं विकास अधिकारी सोबत सिंह राणा ने बताया कि टिहरी झील में एरो स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए 6 स्काई डाइवर्स को बुलाया गया है, जो पैराशूट और पैरामोटर के जरिए स्काई डाइविंग कर रोमांच का नया अनुभव प्रदान कर रहे हैं। प्रतियोगिता का समापन 22 दिसंबर को होगा, जिसमें विजेताओं को कुल 14.50 लाख रुपये की नगद धनराशि पुरस्कार स्वरूप दी जाएगी।

पर्यटकों के लिए निःशुल्क पैराग्लाइडिंग
पर्यटन सचिव सचिन कुर्वे के निर्देशानुसार, प्रतियोगिता के दौरान 35 विशेष पैराग्लाइडिंग पायलटों को बुलाकर पर्यटकों को निःशुल्क पैराग्लाइडिंग का अनुभव करवाया जा रहा है। अब तक 225 पर्यटक इस रोमांच का लाभ उठा चुके हैं। इसका उद्देश्य न केवल पर्यटकों को आकर्षित करना है, बल्कि स्थानीय युवाओं को पैराग्लाइडिंग से जुड़ने और रोजगार के अवसर बढ़ाने की प्रेरणा देना भी है।
कार्यक्रम में उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के विशेष कार्य अधिकारी मनोज जोशी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी चमोली विजेंद्र पांडे, जिला पर्यटन विकास अधिकारी पौड़ी खुशाल सिंह नेगी, लता बिष्ट, सीमा नौटियाल, बलवंत सिंह कपकोटि, मनोज प्रसाद बिजलवान, और दरमियान सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!