Ad image

जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में सुनीं जन समस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

Govind Pundir
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल । जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को जिला सभागार, नई टिहरी में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जन सुनवाई की। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 29 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें पुनर्वास, लोक निर्माण, वन, परिवहन, नगरपालिका, जल संस्थान, विद्युत, बाल विकास, और डीआरडीए जैसे विभाग शामिल रहे। जिलाधिकारी ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया और सीएम हेल्पलाइन, जनता दर्शन, व तहसील दिवस में लंबित शिकायतों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम में ग्राम कफलोग, प्रतापनगर निवासी दिनेश लाल ने निर्माणाधीन मोटर मार्ग के मलबे से क्षतिग्रस्त अपने आवासीय भवन की शिकायत की, जबकि बरात्या लाल ने रजाखेत-प्रतापनगर मोटर मार्ग से छिड़ नामे तोक तक पीएमजीएसवाई सड़क कटान में क्षतिग्रस्त खेतों के लिए मुआवजे की मांग उठाई। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को इस संबंध में तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।इसी तरह, जीप सफारी संचालन समिति के अध्यक्ष ने कौडिया फॉरेस्ट वन मार्ग पर क्रैश बैरियर/पैराफिट लगाने और सीज की गई जीप सफारी वाहनों को रिलीज करने का अनुरोध किया। इस पर डीएफओ टिहरी और एआरटीओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्राम पाटा निवासी मुकेश ने एनआईसी तहसील टिहरी के समीप दुकान आवंटन की मांग की, जिसके लिए अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद, नई टिहरी को कार्रवाई करने को कहा गया।ग्राम तल्ला उप्पू निवासी शांति देवी ने टिहरी बांध पुनर्वास नीति के तहत भूखंड परिवर्तन और राकेश प्रसाद जोशी ने विकास भवन, नई टिहरी के निकट खोखा आवंटन का अनुरोध किया। इन मांगों पर अधिशासी अभियंता, पुनर्वास को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, ग्राम बुडोगी निवासी विमला देवी और ग्राम सेलूर काण्डीखाल निवासी भगत सिंह नेगी ने घरों में पानी की आपूर्ति न होने, ग्राम भूटगांव निवासी अतर सिंह ने बिजली चोरी के शमन शुल्क माफी, और ग्राम पासकोट निवासी भगवान सिंह ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की मांग की। इन शिकायतों के लिए क्रमशः अधिशासी अभियंता जल संस्थान, विद्युत विभाग, और पीडी डीआरडीए/बीडीओ को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग मनोज बिष्ट, मुख्य चिकित्सा अधिकारी श्याम विजय सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी भौतिक और वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!