नवाचारों पर भी बनाएं योजनाएं, विकास कार्यों में लाएं तेजी: स्वाति भदौरिया

Garhninad Desk
3 Min Read
खबर को सुनें

बैठक में अनुपस्थित चार अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब, धनराशि पर रोक

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिला कार्यालय सभागार में जिला योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केवल नियमित योजनाओं पर निर्भर न रहें, बल्कि नवाचारी कार्यों की भी योजना बनाएं, जिससे जिले में नए विकास कार्य आरंभ हो सकें। उन्होंने सभी विभागों से वर्ष 2024-25 के तहत व्यय की गई राशि का विभागवार विवरण प्रस्तुत करने को कहा और योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।

बैठक में अनुपस्थित मुख्य चिकित्साधिकारी, सहकारिता अधिकारी, रेशम अधिकारी और सेवायोजन अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जब तक ये अधिकारी व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर संतोषजनक कारण नहीं बताएंगे, तब तक इनके विभागों की धनराशि पर रोक रहेगी।

दुग्ध विकास विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने ब्लॉक स्तर पर दुग्ध समितियों के गठन और बद्री गाय के घी की ऑनलाइन बिक्री को प्रोत्साहित करने की बात कही। आयुर्वेद विभाग को जिला अस्पताल में वेलनेस सेंटर और आयुर्वेदिक विलेज की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग से जनपद के सभी विद्यालयों की छात्र संख्या की रिपोर्ट मांगी गई है और कुछ विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए गए।

ऊरेडा को जिले के सभी सरकारी भवनों में समयबद्ध रूप से सोलर प्लांट स्थापित करने के निर्देश दिए गए। जल संस्थान व जल निगम को पेयजल आपूर्ति बाधित क्षेत्रों में प्राथमिकता से व्यवस्था सुधारने और लापरवाह फीटरों को बदलने के निर्देश दिए गए। कृषि और उद्यान विभाग को फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए ठोस योजना बनाने को कहा गया। खेल विभाग को स्थानीय युवाओं की रुचि के अनुरूप खेल सुविधाएं शुरू करने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग को पूल्ड हाउस के साथ-साथ तहसील स्तर पर आवासीय भवन निर्माण को प्राथमिकता देने को कहा गया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, पीडी डीआरडीए विवेक उपाध्याय, मुख्य शिक्षाधिकारी नागेंद्र बर्तवाल, अधिशासी अभियंता जल संस्थान एस.के. रॉय, अधिशासी अभियंता लोनिवि विवेक सेमवाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
error: Content is protected !!