उत्तराखंडविविध न्यूज़

राजधानी दिल्ली में उत्तराखंड संस्कृति का भव्य प्रदर्शन, उत्तरायणी महोत्सव बना राष्ट्रीय एकता का मंच

Please click to share News

खबर को सुनें

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के प्रमुख स्थल सेंट्रल पार्क, राजीव चौक (कनॉट प्लेस) में आयोजित राष्ट्रीय उत्तरायणी महोत्सव–2026 का बुधवार को भव्य, गरिमामय एवं ऐतिहासिक समापन हुआ। हजारों दर्शकों की मौजूदगी में संपन्न इस महोत्सव ने उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, लोकपरंपराओं और राष्ट्रीय एकता का सशक्त संदेश देश की राजधानी से पूरे राष्ट्र को दिया।
वर्ष 2005 से निरंतर संचालित उत्तरायणी अभियान की इस कड़ी को इस वर्ष राष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया गया, जिससे उत्तराखंड की लोक-संस्कृति को नई पहचान मिली। यह आयोजन पर्वतीय लोक विकास समिति एवं सुखी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन पर्वतीय लोक विकास समिति के अध्यक्ष प्रो. सूर्य प्रकाश सेमवाल ने किया। वहीं आयोजन की संकल्पना, राजनीतिक समन्वय एवं मार्गदर्शन में समिति के परामर्शदाता श्री राजेश्वर पैन्यूली की अहम भूमिका रही। उनके प्रयासों से राष्ट्रीय स्तर के जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित हो सकी।
महोत्सव में गढ़वाल लोकसभा सांसद श्री अनिल बलूनी, दिल्ली की सांसद श्रीमती बांसुरी स्वराज तथा दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री श्री प्रवेश वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने उत्तरायणी महोत्सव को उत्तराखंड की संस्कृति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का प्रभावशाली मंच बताते हुए भविष्य में ऐसे आयोजनों को और अधिक भव्य बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण पौराणिक नाट्य-रूपांतरण “पांडव कथा–चक्रव्यूह” रहा। महाभारत के युद्ध के तेरहवें दिन वीर अभिमन्यु की चक्रव्यूह में प्रवेश और वीरगति को शुद्ध गढ़वाली संवादों, आधुनिक ध्वनि एवं प्रकाश तकनीक के साथ मंचित किया गया।
डॉ. राकेश भट्ट के सान्निध्य में 30 से अधिक कलाकारों की इस सशक्त प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
इसके साथ ही मां नंदा देवी की डोली यात्रा, विभिन्न राज्यों की मातृशक्ति द्वारा प्रस्तुत लोकनृत्य एवं लोकगीतों ने महोत्सव को सांस्कृतिक वैभव से भर दिया। इस अवसर पर सांस्कृतिक, सामाजिक एवं राष्ट्रनिर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को राष्ट्र गौरव, दिल्ली गौरव एवं हिमालय गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया।
आयोजकों के अनुसार पूरे दिन सेंट्रल पार्क में सांस्कृतिक उल्लास का वातावरण बना रहा और हजारों दर्शकों ने कार्यक्रम का आनंद लिया।
समापन अवसर पर सभी अतिथियों ने एक स्वर में कहा कि राष्ट्रीय उत्तरायणी महोत्सव को आने वाले वर्षों में और अधिक व्यापक, भव्य एवं समावेशी स्वरूप दिया जाएगा। साथ ही आयोजक संस्थाओं, कलाकारों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगी संगठनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


Please click to share News

Govind Pundir

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!