भूस्खलन से बद्रीनाथ हाईवे बाधित, यात्रियों के लिए राहत कार्य जारी

Garhninad Desk
1 Min Read
खबर को सुनें

चमोली। बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भनेरपानी के पास भूस्खलन के कारण बुधवार को यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश मौके पर पहुंचे और स्थलीय निरीक्षण कर राहत कार्यों की समीक्षा की।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि मार्ग को जल्द से जल्द खोलने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा में कोई लापरवाही न हो।

इस दौरान मार्ग पर फंसे तीर्थयात्रियों के लिए एसडीएम जोशीमठ द्वारा भोजन, पानी और ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया जा रहा है।

जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने जानकारी दी कि प्रशासन की निगरानी में लगातार राहत और मरम्मत कार्य जारी हैं। मार्ग को शीघ्र सामान्य किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन फिलहाल के लिए यात्रा रोक दी गई है।

प्रशासन ने तीर्थयात्रियों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और किसी भी स्थिति में प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Share This Article
error: Content is protected !!