Ad image

विधानसभाएं संसदीय प्रणाली का प्रमुख स्तंभ हैं: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

Garhninad Desk
2 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

उत्तराखंड राज्य गठन की रजत जयंती पर देहरादून में विधानसभा को किया संबोधित

देहरादून। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोमवार को देहरादून में उत्तराखंड राज्य गठन की रजत जयंती पर उत्तराखंड विधानसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि विधानसभाएं हमारी संसदीय प्रणाली का प्रमुख स्तंभ हैं और जनता के प्रति निरंतर जवाबदेही लोकतंत्र की ताकत और चुनौती दोनों है।

राष्ट्रपति ने विधायकों को जनता एवं सरकार के बीच सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर सेवा करना बड़ा सौभाग्य है। उन्होंने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर विकास और जनकल्याण के कार्यों को प्राथमिकता देने तथा वंचित वर्गों और युवाओं के हित में संवेदनशीलता के साथ काम करने का आग्रह किया।

उन्होंने संविधान के अनुच्छेद 44 के तहत समान नागरिक संहिता लागू करने के निर्णय के लिए उत्तराखंड विधानसभा की सराहना की और पारदर्शिता, नैतिकता व सामाजिक न्याय से प्रेरित विधेयक पारित करने पर विधायकों को बधाई दी।

राष्ट्रपति ने कहा कि उत्तराखंड प्रकृति की विविध संपदा से समृद्ध है और राज्य ने पिछले 25 वर्षों में पर्यावरण, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ उत्तराखंड निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर रहेगा।


Please click to share News
Share This Article
error: Content is protected !!