श्रद्धालुओं के लोककल्याण, सुख-समृद्धि और विश्व शांति के लिए हो रहा भव्य धार्मिक आयोजन, प्रतिदिन दोपहर एक बजे से होगी कथा
टिहरी गढ़वाल । टिहरी नगर के श्रद्धालुओं एवं जनकल्याण की भावना से बौराड़ी स्थित मां दुर्गा मंदिर के शुभ लग्न वेडिंग प्वाइंट में मंगलवार से अष्टोत्तरशत श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का भव्य शुभारंभ हो गया है। कथा व्यास स्वामी राम दास जी महाराज हैं।
इस धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। कथा में 108 वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रीमद्भागवत महापुराण का पाठ किया जा रहा है।
संयोजक पंडित राजेंद्र प्रसाद चमोली के अनुसार यह धार्मिक अनुष्ठान नई टिहरी सहित समस्त क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लोककल्याण, सुख-समृद्धि, शांति और मंगलकामना के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। श्रीमद्भागवत महापुराण को भारतीय सनातन परंपरा में भक्ति, ज्ञान, वैराग्य और सदाचार का महत्वपूर्ण आधार माना गया है। कथा श्रवण से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान एवं धर्ममय जीवन की प्रेरणा मिलेगी।
कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर एक बजे से किया जाएगा। आयोजन समिति ने नई टिहरी एवं आसपास के क्षेत्रों के समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने तथा इस पुण्य आयोजन में सहभागी बनने की अपील की है।




