त्रिवेणी कौथिग पर्यटन महोत्सव में प्रतिभाओं का सम्मान, एसएसपी ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह

टिहरी गढ़वाल। नई टिहरी में आयोजित त्रिवेणी कौथिग पर्यटन महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या बृहस्पतिवार को उत्साह और उमंग से भरी रही। कार्यक्रम के दौरान मंच पर अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने वाले बच्चों को मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी, श्री आयुष अग्रवाल ने प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
एसएसपी ने कहा कि टिहरी की युवा पीढ़ी में अपार प्रतिभा है और उनकी कला व रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना समाज की साझा जिम्मेदारी है। ऐसे आयोजन न केवल बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं, बल्कि उन्हें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से भी जोड़ते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी युवाओं की प्रतिभा को पहचान देने और आगे बढ़ाने के लिए पुलिस प्रशासन हर संभव सहयोग करेगा।
नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि पुलिस प्रशासन और नगर पालिका के समन्वय से शहर में बेहतर माहौल और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने एसएसपी का आभार जताते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से कार्यक्रम का गौरव और बढ़ा है।
विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित अपर पुलिस अधीक्षक जे.आर. जोशी ने बच्चों और आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थानीय परंपराओं को जीवंत रखने का प्रभावी माध्यम हैं, और नए दौर के बच्चे इन्हें नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ा रहे हैं।
सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने गीत, नृत्य और नाट्य की विविध प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। लोकधुनों पर आधारित प्रस्तुतियों ने टिहरी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को खूबसूरती से सामने रखा।
त्रिवेणी कौथिग पर्यटन महोत्सव न केवल मनोरंजन का मंच है बल्कि स्थानीय पर्यटन को गति देने, युवा प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने का भी महत्वपूर्ण साधन बन गया है। इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और बच्चों के उत्साहवर्धन के लिए तालियों की गूंज देर तक कार्यक्रम स्थल पर सुनाई देती रही।



