डीएम ने तहसील दिवस कीर्तिनगर में 65 से अधिक जन शिकायतों का किया समाधान

टीहरी गढ़वाल । कीर्तिनगर तहसील कार्यालय में आयोजित तहसील दिवस में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जन समस्याओं के समाधान के लिए व्यापक बैठक की। इस अवसर पर जल निगम, वन विभाग, पंपिंग योजना, लघु सिंचाई, सड़क और स्वास्थ्य जैसे विभागों से कुल 65 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें अधिकांश पेयजल और विद्युत सेवा से संबंधित थीं।
जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने लोनिवि की सड़कों की मरम्मत, खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा बनाए जा रहे खेल के मैदानों को शीघ्र पूरा करने, पेयजल व्यवस्था निरंतर बनाए रखने और क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की मांग की।
जिला पंचायत सदस्य उत्तम सिंह असवाल ने क्षेत्र में विद्युत सब स्टेशन के निर्माण तथा स्थानीय कास्तकारों की बैल जोड़ी और बकरी की करंट लगने से हुई मौत के मुआवजे हेतु कदम उठाने की बात रखी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को एक प्रस्ताव तैयार कर मुआवजा देने के निर्देश दिए।
क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज लखेड़ा ने हडिमधार पेयजल योजना के तहत कणोली और पैन्डुला में पानी की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की, जिस पर पेयजल विभाग को 31 दिसंबर तक कार्य पूर्ण करने के आदेश दिए गए।इसके अतिरिक्त, एनएच मुआवजे को ए श्रेणी में शामिल करने, पंचायत में सामूहिक भवन निर्माण, और श्रीनगर रेलवे स्टेशन का नाम नैथाणा रानीहाट करने की भी मांग की गई, जिसमें जिलाधिकारी ने संबंधित पत्राचार करने की बात कही।GVK कंपनी द्वारा सड़क सुधार, विद्युत पोलों की लाइट ठीक कराने और प्रतिकर भुगतान की मांग भी तहसील दिवस पर शामिल रही।
कार्यक्रम में एसडीएम मंजू राजपूत, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, डी.डी.ओ मो. असलम, नायब तहसीलदार प्रदीप कंडारी सहित सभी विभागाध्यक्ष, पत्रकार और आम जनता मौजूद रहे।



