डीएम ने जिला बाल कल्याण समिति की त्रैमासिक बैठक में दिए ये अहम निर्देश

Govind Pundir
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल। जिला कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में बुधवार को जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में जिला बाल कल्याण समिति की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में किशोर न्याय अधिनियम के अंतर्गत जनपद में संचालित योजनाओं एवं गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी आंगनवाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के पोस्टर अनिवार्य रूप से चस्पा करने तथा बच्चों की नियमित काउंसलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने समिति के सदस्यों को जनपद के सभी आवासीय विद्यालयों, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों एवं बाल देख-रेख से संबंधित संस्थाओं का नियमित निरीक्षण करने को कहा।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग को अगली बैठक में आरबीएस टीम द्वारा की गई विजिट रिपोर्ट प्रस्तुत करने, शिक्षा विभाग को आवासीय विद्यालय अखोड़ी में बच्चों के लिए बेड एवं बिस्तर की व्यवस्था हेतु प्रस्ताव उपलब्ध कराने तथा पुलिस विभाग को विभिन्न विकासखंडों में बाल संरक्षण से संबंधित जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। वहीं बाल विकास विभाग को स्पॉन्सरशिप योजना के तहत बजट उपलब्ध कराने के लिए शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए गए।
जिला बाल विकास अधिकारी संजय गौरव ने बताया कि मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के अंतर्गत जनपद में 692 बच्चे लाभान्वित हो रहे हैं। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी विवेकाधीन कोष से 15 अनाथ बच्चों को नवंबर एवं दिसंबर माह की धनराशि प्रदान की जा चुकी है, जबकि 81 बच्चों के अनाथ प्रमाण पत्र बनाए जा चुके हैं। स्पॉन्सरशिप योजना के अंतर्गत 198 बच्चे पंजीकृत हैं, हालांकि वर्तमान में बजट उपलब्ध नहीं है।
उन्होंने बताया कि स्वावलंबी स्वयं सहायता समूह दिखोलगांव, चंबा द्वारा जनपद की 960 गंभीर एनीमिक एवं 219 सामान्य एनीमिक महिलाओं को कुल 2228 किलोग्राम आयरन लड्डू तथा 19 किलोग्राम आंवला कैंडी आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से वितरित की गई। खनिज न्यास से आवंटित 9 लाख रुपये में से 8 लाख 46 हजार 725 रुपये की धनराशि व्यय की जा चुकी है।
बैठक में जिला बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष द्वारा निरीक्षण के लिए वाहन व्यवस्था की मांग रखी गई तथा निजी विद्यालयों में भी बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में एसीएमओ जितेंद्र भंडारी, जिला बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष ऋषि कुमार, श्रम अधिकारी आयशा, ओसीएस रश्मि बिष्ट, डीसीपीओ विनीता उनियाल, पुलिस विभाग से हेमलता सहित समिति के सदस्य निवेदिता, परशुराम डोभाल, सोबन सिंह रावत एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!