जन–जन की सरकार शिविर में डीएम स्वाति भदौरिया ने समस्याओं के शीघ्र समाधान के दिए निर्देश

Govind Pundir
4 Min Read
खबर को सुनें

गंगाऊं शिविर में 205 लाभार्थियों को मिला सीधा लाभ, 610 ग्रामीण रहे मौजूद

बालिका जन्मोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत डीएम ने बच्चों के साथ काटा केक

पौड़ी, 14 जनवरी 2026 । दूरस्थ क्षेत्रों के भ्रमण के तीसरे दिन जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया बुधवार को विकासखंड थलीसैंण के राजकीय इंटर कॉलेज गंगाऊं पहुँचीं। जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार अभियान के अंतर्गत आयोजित न्याय पंचायत पित्रसैंण बहुउद्देश्यीय शिविर में उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही निर्णय लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

शिविर स्थल पर पहुँचने पर स्थानीय ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से जिलाधिकारी का भव्य स्वागत किया। शिविर में विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकारी योजनाओं की जानकारी कागज़ों तक सीमित न रहकर पात्र लाभार्थियों तक वास्तविक रूप में पहुँचे।
बालिका जन्मोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत जिलाधिकारी ने बच्चों के साथ केक काटा, उन्हें स्नेहपूर्वक केक खिलाया तथा कविता देवी को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की। इसके साथ ही एक बच्चे का अन्नप्राशन कराते हुए उन्होंने प्रशासन की सामाजिक संवेदनशीलता का संदेश दिया।
शिविर की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि समस्याओं का समाधान फाइलों में नहीं, बल्कि धरातल पर दिखना चाहिए। जसपुर–चौखाल, धांधणखेत–ग्वारी एवं हस्यूड़ी–धांधणखेत मोटर मार्गों के आपदा से क्षतिग्रस्त होने की शिकायतों पर 31 जनवरी से कार्य प्रारंभ करने की समयसीमा तय की गई। रौतापानी क्षेत्र की पंपिंग समस्या पर जल निगम को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए, साथ ही सभी पेयजल योजनाओं में पानी आपूर्ति का समय तय करने पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने राजकीय इंटर कॉलेज गंगाऊं का नामकरण शहीद स्व. राजे सिंह बंगारी के नाम पर किए जाने के प्रस्ताव को पुनः शासन को भेजने के निर्देश दिए। धांधणखेत–द्वारी मार्ग पर टूटे पुश्तों के निर्माण हेतु पीएमजीएसवाई के माध्यम से शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने की प्रक्रिया भी तय की गई।
नेटवर्क समस्या से प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर रिपोर्ट तैयार करने, भीड़ा बाजार से पित्रसैंण झूला पुल तक पैदल मार्ग की मरम्मत, नगर पंचायत थलीसैंण में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट हेतु भूमि चिन्हित करने तथा कृषि घेरबाड़ से जुड़ी शिकायतों का स्थल निरीक्षण कर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अतिरिक्त गंगाऊं मिनी स्टेडियम तक संपर्क मार्ग, पेयजल स्रोतों की सफाई, चौरीखाल बाईपास मार्ग, आर्य समाज भवन की मरम्मत, पनाऊ पेयजल योजना और जखोला आंगनबाड़ी भवन के भुगतान जैसे मामलों पर स्पष्ट समयसीमा तय करते हुए कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने 20 जनवरी को थलीसैंण में विशेष शिविर आयोजित कर बीर चंद्र सिंह गढ़वाली एवं दीनदयाल उपाध्याय होमस्टे योजनाओं में आवेदन कराने, पेट्रोल पंप प्रस्ताव भेजने, निर्माण मलबा डंपिंग ज़ोन चिन्हित करने तथा बकरी पालकों को त्वरित लाभ दिलाने की बात कही। साथ ही थलीसैंण स्वास्थ्य केंद्र में रेडियोलॉजी एवं विशेषज्ञ सेवाओं के लिए साप्ताहिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर सीएमओ को निर्देश दिए।
शिविर में बाल विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, एनआरएलएम, रीप सहित कुल 23 विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहाँ 205 लोगों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर में कुल 610 ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ज्येष्ठ प्रमुख मनवर सिंह, कनिष्ठ प्रमुख राज शेखर रावत, डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, मुख्य शिक्षाधिकारी नागेंद्र बर्तवाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह, आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी शैलेन्द्र पांडे, खंड विकास अधिकारी टीकाराम सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!