बंदरों के हमले से बचने के प्रयास में वृद्ध महिला घायल, हाथ में फ्रैक्चर

टिहरी गढ़वाल। तहसील गजा के निकट ग्राम गौंसारी में बंदरों के आतंक से एक 70 वर्षीय वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बंदरों के हमले से बचने के प्रयास में महिला गिर पड़ी, जिससे उनके हाथ में फ्रैक्चर हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गौंसारी निवासी रिखली देवी (70 वर्ष) पत्नी मदन सिंह चौहान अपने घर के आंगन में गेहूं सुखा रही थीं। इसी दौरान बंदरों का एक झुंड आंगन में घुस आया और अनाज खाने का प्रयास करने लगा। महिला द्वारा बंदरों को भगाने की कोशिश करने पर बंदर उनकी ओर ही दौड़ पड़े। घबराकर महिला आंगन से घर के अंदर जाने के लिए दौड़ीं, लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह गिर गईं, जिससे उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया।
ग्राम प्रधान जयेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि पड़ोसियों के शोरगुल करने पर बंदर मौके से भाग गए। इसके बाद घायल महिला को तत्काल राजकीय एलोपैथिक अस्पताल गजा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने एक्स-रे कराने की सलाह दी है।
प्रधान ने बताया कि रिखली देवी के पति मदन सिंह चौहान अपने पुत्र के साथ स्वास्थ्य उपचार के लिए दिल्ली गए हुए हैं। अब घायल महिला भी बेहतर इलाज के लिए अपने पुत्रों के पास दिल्ली या देहरादून जाने की तैयारी कर रही हैं।
इस घटना के बाद ग्राम प्रधान जयेंद्र सिंह चौहान ने वन विभाग से गांव में बंदरों को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है, जिससे ग्रामीणों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है।



