डीएम नितिका खण्डेलवाल ने कलेक्ट्रेट का किया औचक निरीक्षण, लंबित प्रकरणों पर सख्त निर्देश

टिहरी गढ़वाल 13 फरवरी, 2026। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित राजस्व विभाग के सभी अनुभागों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण, पारदर्शिता और कार्यों की समयबद्धता सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने समाधान पोर्टल अनुभाग, शिकायत प्रकोष्ठ, सीआरए, नजारत सेक्शन, मुख्यमंत्री राहत कोष, जिला खनिज फाउंडेशन, जिला खनिज न्यास प्रकोष्ठ, अल्प बचत अनुभाग, भूलेख अधिष्ठान, राजस्व अभिलेखागार कक्ष सहित अन्य अनुभागों का क्रमवार निरीक्षण किय
निरीक्षण के दौरान उन्होंने नए कार्मिकों को कार्यों की उचित एवं प्रभावी प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए, ताकि कार्यालयीन कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न रहे। शिकायत प्रकोष्ठ में प्राप्त शिकायतों को समयबद्ध ढंग से संबंधित विभागों को प्रेषित कर उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि उप-जिलाधिकारी स्तर पर तीन माह से अधिक समय से लंबित प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा उनकी अद्यतन रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।
कार्यालयीन व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर, पटल व्यवस्था, डाक प्रबंधन, नोटिस बोर्ड, फायर एक्सटिंग्विशर की वैधता, टीए बिल, सर्विस बुक सहित महत्वपूर्ण अभिलेखों एवं फाइलों का भी परीक्षण किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने मालखाने का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही राजस्व अभिलेखागार कक्ष एवं हॉल में सुरक्षित रखे खाता-खतौनी एवं अन्य अभिलेखों का भी बारीकी से अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी प्रशासन सुनिश्चित किया जाए।



