बौराड़ी स्थित जिला चिकित्सालय में आयुष विंग का शुभारंभ, पंचकर्म व योग से मिलेगा समग्र उपचार

टिहरी गढ़वाल, 19 फरवरी 2026। जनपद टिहरी गढ़वाल में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने गुरुवार को जिला चिकित्सालय, बौराड़ी में नव मरम्मत आयुष विंग का उद्घाटन किया। यह कार्य जिला योजना के अंतर्गत संपन्न कराया गया है, जिससे अब आमजन को आयुर्वेद, पंचकर्म एवं योग आधारित उपचार सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी।
उद्घाटन के पश्चात जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सुभाष चंद ने जानकारी दी कि आयुष विंग में सर्वांग स्वेद, नाड़ी स्वेद, बालुका स्वेद, जलौका अवचारण, रक्त मोक्षण, स्नेहन, अक्षितर्पण, शिरोधारा, कटि बस्ती, जानू बस्ती, नस्य, कर्ण पूरण, मर्म चिकित्सा, क्षार सूत्र, योग चिकित्सा, आश्च्योतन एवं विडालक सहित अनेक प्रभावी उपचार पद्धतियां शुरू की गई हैं। साथ ही ईसीजी जैसी बुनियादी जांच सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
जिलाधिकारी ने स्वयं पंचकर्म चिकित्सा का लाभ प्राप्त कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और जनपदवासियों से आयुष पद्धति को अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली की ओर अग्रसर होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आयुष आधारित उपचार न केवल किफायती हैं, बल्कि शरीर और मन दोनों के संतुलन में सहायक सिद्ध होते हैं।
आयुष विंग के संचालन से क्षेत्रीय जनता को सुलभ, प्रभावी और समग्र स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा, जिससे आधुनिक चिकित्सा के साथ पारंपरिक भारतीय चिकित्सा पद्धतियों का समन्वय सुदृढ़ होगा।
इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सत्यबीर रावत, डॉ. सिद्धि मिश्रा, डॉ. विनोद रावत, मुख्य फार्मेसी अधिकारी बी.पी. बडोनी, मनोज धिरवाण, फार्मेसी अधिकारी मनोज राणा, पंचकर्म सहायक रजनी सेमवाल, विकास बिजल्वाण, योग सहायक वैशाली जुयाल, रघुवीर सिंह गुसाईं, सरिता खरोला सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



