निर्माणाधीन केंद्रीय विद्यालय भवन को तय समय में पूर्ण करें: डीएम

टिहरी गढ़वाल 11 मार्च। नई टिहरी स्थित केंद्रीय विद्यालय की विद्यालय प्रबंधन समिति एवं विद्यालय स्तरीय मॉनिटरिंग समिति की माह मार्च 2026 की बैठक जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में शिक्षण सत्र 2025–26 से संबंधित विभिन्न शैक्षणिक एवं अवसंरचनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने नई टिहरी में निर्माणाधीन केंद्रीय विद्यालय भवन की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि भवन का निर्माण निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण कर विद्यालय प्रबंधन को हस्तांतरित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भवन को विद्यालय प्रबंधन समिति को सौंपने से पूर्व कार्यदायी संस्था और प्रबंधन समिति संयुक्त रूप से सभी कार्यों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए भवन को अपने अधीन लेने से पहले सभी व्यवस्थाओं की पूर्ण जांच की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालय में विद्युत, पेयजल, शौचालय, सुरक्षित आवागमन तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध होने के बाद ही विद्यालय को नए भवन में स्थानांतरित किया जाए।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी वी.पी. सिंह, केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप चन्द्र थपलियाल, डायट प्राचार्य बडोनी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश कुमार, विद्युत विभाग के अमित आनंद सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



