प्रसिद्ध कुमाऊँनी लोकगायक दीवान सिंह कनवाल के निधन से संगीत जगत शोकाकुल

टिहरी गढ़वाल। उत्तराखंड के प्रसिद्ध कुमाऊँनी लोकगायक Diwan Singh Kanwal के निधन से प्रदेश के संगीत और सांस्कृतिक जगत में शोक की लहर है। उनके निधन पर कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष, उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी एवं कला-संगीत प्रेमी राकेश राणा ने गहरा दुःख व्यक्त किया है।
राकेश राणा ने अपने शोक संदेश में कहा कि दीवान सिंह कनवाल का कुमाऊँनी लोकसंगीत और उत्तराखंड की लोकसंस्कृति के संरक्षण व संवर्धन में अतुलनीय योगदान रहा। उन्होंने अपनी मधुर आवाज और लोकधुनों के माध्यम से पहाड़ की संस्कृति, परंपराओं और लोकजीवन को जन-जन तक पहुँचाया।
उन्होंने कहा कि उन्हें विभिन्न गढ़वाली-कुमाऊँनी वीडियो सीडी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दीवान सिंह कनवाल के साथ कार्य करने का अवसर मिला, जिसकी यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी।
राणा ने कहा कि दीवान सिंह कनवाल का निधन उत्तराखंड के कला और संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके गीत और योगदान आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करते रहेंगे।
उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।



