फरार वारंटी गिरफ्तार, नौकरी के नाम पर ठगी करने वाला दबोचा, स्मैक तस्कर भी पकड़ा

टिहरी गढ़वाल, 14 मार्च। जनपद टिहरी गढ़वाल में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए फरार वारंटी, नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी और स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियानों के तहत यह सफलता मिली है।
फरार वारंटी को कैम्पटी पुलिस ने दबोचा:
फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कैम्पटी पुलिस ने एक फरार वारंटी को गिरफ्तार किया है। माननीय न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट नई टिहरी द्वारा जारी गिरफ्तारी वारंट की तामील करते हुए पुलिस टीम ने मोहम्मद फैजान अली (34 वर्ष) पुत्र मुनफैत अली, निवासी ग्राम चौलाशाहबुद्ददीन, थाना भगवानपुर, जनपद हरिद्वार को 13 मार्च 2026 को उसके गांव से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार वारंटी को कोतवाली कैम्पटी लाकर आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में अ0उ0नि0 बलबीर सिंह पंवार और हेड कांस्टेबल मैराज आलम शामिल रहे।
नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाला गिरफ्तार
कोतवाली नई टिहरी पुलिस ने स्थानीय युवाओं को नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपये ठगने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम पिपोला निवासी अंकित कण्डवाल ने 8 फरवरी 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति ने निटकॉन कम्पनी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर फर्जी नियुक्ति पत्र और पहचान पत्र देकर लाखों रुपये की ठगी की।
इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी के बाद 12 मार्च 2026 को गोविन्द रतूड़ी (42 वर्ष) पुत्र मुन्नाराम रतूड़ी, निवासी ग्राम पलास, पोस्ट सौड उप्पू, टिहरी गढ़वाल को जाख तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से THDC और निटकॉन कम्पनी के फर्जी आई कार्ड तथा फर्जी ज्वाइनिंग लेटर बरामद किए गए। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार टिहरी भेज दिया गया है।
4.50 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार
“नशामुक्त उत्तराखण्ड” अभियान के तहत थाना कीर्तिनगर पुलिस ने भी बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
चौकी मलेथा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने रविन्द्र सिंह (33 वर्ष) पुत्र विजय सिंह, निवासी उफलडा, श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 4.50 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
इस संबंध में थाना कीर्तिनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा, उपनिरीक्षक आशीष रावत, अपर उपनिरीक्षक दीपेन्द्र रावत, हेड कांस्टेबल प्रदीप और कांस्टेबल प्रवेश पालीवाल शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इस प्रकार की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



