रामलीला मैदान वनखण्डी में स्वामी रसिक महाराज के पावन सानिध्य में भव्य होली मिलन समारोह सम्पन्न

ऋषिकेश। रामलीला मैदान वनखण्डी में दिनांक 3 मार्च 2026 को सुभाष रामलीला कमेटी द्वारा होली मिलन समारोह का भव्य एवं गरिमामयी आयोजन बड़े ही उत्साह, उल्लास और धार्मिक वातावरण के बीच सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, युवाओं एवं मातृशक्ति की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिससे पूरा परिसर रंग-बिरंगे अबीर-गुलाल और उत्साह से सराबोर नजर आया।
समारोह में पावन सानिध्य स्वामी रसिक महाराज, अध्यक्ष सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश का प्राप्त हुआ। अपने प्रेरणादायी आशीर्वचनों में स्वामी रसिक महाराज जी ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि यह मन के विकारों को दूर कर प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि समाज में एकता और सद्भाव बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है तथा सनातन संस्कृति के आदर्शों को अपनाकर ही राष्ट्र को सशक्त बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप मे पूर्व मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ प्रेमचन्द अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने समिति द्वारा किए जा रहे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करते हैं। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों को होली की शुभकामनाएँ दीं और आपसी सौहार्द बनाए रखने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में शम्भू पासवान महापौर नगर निगम ऋषिकेश उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि होली का पर्व हमें भेदभाव मिटाकर एक-दूसरे के साथ प्रेमपूर्वक रहने की प्रेरणा देता है। नगर निगम की ओर से उन्होंने स्वच्छ और सुरक्षित होली मनाने की अपील भी की।
साथ ही वार्ड नंबर 14 की पार्षद श्रीमती सिमरन अमित उप्पल जी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की श्रीमती हिमानी कौशिक की भी कार्यक्रम में विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने महिलाओं की भागीदारी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान भक्ति गीतों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। फूलों की होली खेली गई और उपस्थित जनसमूह ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं। पूरे वातावरण में हर्ष, उल्लास और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
अंत में सुभाष रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों द्वारा सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करते रहने का संकल्प लिया गया।



