क्रिकेट बना भाईचारे का माध्यम, निरंकारी युवाओं ने पेश की खेल भावना की मिसाल

देहरादून, 10 मार्च 2026। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के आशीर्वाद से आयोजित 26वां बाबा गुरबचन सिंह मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल समालखा (हरियाणा) में उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। फरवरी 2026 से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में देशभर के विभिन्न राज्यों से चयनित 24 टीमों ने भाग लिया और खेल के साथ-साथ भाईचारे, अनुशासन व खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया।
फाइनल मुकाबला पंजाब के फिरोजपुर और राजस्थान के श्रीगंगानगर की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में श्रीगंगानगर (राजस्थान) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम के खिलाड़ी सोनू राजपूत को बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का सम्मान दिया गया।
पूरे आयोजन का संचालन संत निरंकारी मंडल के सचिव जोगिंदर सुखीजा के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट केवल खेल प्रतियोगिता नहीं बल्कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का माध्यम है, जहाँ प्रतिस्पर्धा के साथ प्रेम, सम्मान और सौहार्द की भावना भी विकसित होती है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
टूर्नामेंट के दौरान प्रतिदिन सायंकाल युवाओं के लिए सत्संग कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिनका उद्देश्य उन्हें शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ आध्यात्मिक जागरूकता, सकारात्मक सोच और मानसिक शांति की ओर प्रेरित करना था।
समापन समारोह में संत निरंकारी मंडल के मेंबर इंचार्ज (प्रचार विभाग) राकेश मुटरेजा ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। उन्होंने कहा कि सतगुरु का संदेश है कि जीवन में जोश के साथ होश भी आवश्यक है। खेल जीत-हार से अधिक सीख और अनुभव का माध्यम होते हैं, जो व्यक्ति के व्यक्तित्व को निखारते हैं।
उन्होंने बताया कि यह टूर्नामेंट बाबा गुरबचन सिंह जी की स्मृति को समर्पित है, जिसकी शुरुआत लुधियाना से हुई थी और अब यह सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता जी के आशीर्वाद से प्रतिवर्ष आयोजित किया जा रहा है।
टूर्नामेंट में गंगानगर, फिरोजपुर, जयपुर और भीलवाड़ा सहित देशभर की 24 टीमों ने भाग लिया।


