उत्तराखंडचारधाम यात्राविविध न्यूज़शासन-प्रशासन

चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने ली बैठक, विभागों को 15 दिन में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

Please click to share News

खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल 13 मार्च, 2026 । आगामी चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में संबंधित विभागों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्रा से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को अगले 15 दिनों के भीतर अपने-अपने कार्यस्थलों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को चारधाम यात्रा मार्ग पर एम्बुलेंस, आवश्यक स्वास्थ्य उपकरण, दवाइयों की उपलब्धता तथा अस्पतालों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी एम्बुलेंस का एआरटीओ से निरीक्षण कराने और अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों व अन्य कार्मिकों की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
पेयजल विभाग को सभी हैंडपंपों की जांच, रंग-रोगन तथा पेयजल टंकियों की साफ-सफाई करने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग और एनएच अधिकारियों को सड़कों से मलबा हटाने, आवश्यक साइन बोर्ड लगाने, क्षतिग्रस्त पैराफिट ठीक करने तथा जेसीबी सहित आवश्यक मशीनें तैनात रखने को कहा गया।
पूर्ति एवं खाद्य अभिहित विभाग को दुकानों, होटलों और ढाबों में रेट लिस्ट चस्पा कराने तथा खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग करने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को विद्युत आपूर्ति से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने को कहा गया।
वर्चुअल माध्यम से जुड़े एसडीएम नरेंद्र नगर आशीष घिल्डियाल को नगर पालिका मुनिकीरेती और नगर पंचायत तपोवन क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा सीओ नरेंद्र नगर के साथ मिलकर टैक्सी, राफ्टिंग और होटल एसोसिएशन के साथ बैठक कर व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही क्षेत्र में मोबाइल एवं सुलभ शौचालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने व्यक्तिगत पानी के टैंकरों की आवाजाही और जल स्रोतों की जानकारी एकत्र करने तथा यात्रा सीजन में उनके संचालन के लिए समय निर्धारित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की जाएगी। एआरटीओ को यात्रा सीजन में स्थानीय लोगों के आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए वाहनों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। एआरटीओ ने बताया कि 1 अप्रैल से सभी चेक पोस्ट सक्रिय हो जाएंगे।
बैठक में अधीक्षण अभियंता लोनिवि के एस नेगी, डॉ. जितेंद्र भंडारी, एआरटीओ सतेन्द्र राज, डीएसओ मनोज कुमार डोभाल, खाद्य अभिहित अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोनिवि योगेश कुमार, विद्युत विभाग के अमित आनंद, जल संस्थान के प्रशांत भारद्वाज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Please click to share News

Govind Pundir

*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!