NSS शिविर के चौथे दिन नशे और मोबाइल एडिक्शन के खिलाफ युवाओं को किया जागरूक

टिहरी गढ़वाल 17 मार्च 2026। राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन युवाओं को नशे और मोबाइल एडिक्शन जैसी गंभीर समस्याओं के प्रति जागरूक किया गया। शिविर के अंतर्गत नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत स्वच्छ पर्यावरण, स्वास्थ्य और सामाजिक सरोकारों पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
दिन की शुरुआत स्वयंसेवकों द्वारा चिड़ियाली ग्राम सभा में स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान से हुई। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने पंचायत भवन और जल स्रोतों की सफाई की तथा पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे संदेशों के साथ ग्रामीणों को जागरूक किया।
बौद्धिक सत्र में स्वास्थ्य विभाग टिहरी गढ़वाल की मनोवैज्ञानिक डॉ. रीना सिंह मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने युवाओं को नशे और मोबाइल एडिक्शन के दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि तंबाकू और अन्य मादक पदार्थ न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करते हैं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक जीवन को भी नुकसान पहुंचाते हैं। कैंसर, हृदय रोग और मानसिक अवसाद जैसी बीमारियों का प्रमुख कारण नशा है।
मोबाइल एडिक्शन पर चिंता व्यक्त करते हुए डॉ. सिंह ने इसे “साइलेंट किलर” बताया। उन्होंने कहा कि अत्यधिक मोबाइल उपयोग से एकाग्रता में कमी, अनिद्रा और सामाजिक अलगाव जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। इससे बचने के लिए उन्होंने ‘डिजिटल डिटॉक्स’ अपनाने और रचनात्मक गतिविधियों में समय लगाने की सलाह दी।
इस अवसर पर नशा मुक्ति के लिए भारत सरकार द्वारा संचालित “नशा मुक्त भारत अभियान” की जानकारी भी दी गई। युवाओं को बताया गया कि नशे की समस्या से जूझ रहे व्यक्ति पुनर्वास केंद्रों और हेल्पलाइन सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।
डॉ. रीना सिंह ने कहा, “युवा शक्ति ही देश की असली पूंजी है। यदि युवा नशे और तकनीक के दुरुपयोग से दूर रहकर अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाएं, तो भारत को पुनः विश्व गुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता।”
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार सिंह एवं NSS कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती मीना ने मुख्य वक्ता का आभार व्यक्त किया। इस दौरान एंटी ड्रग्स कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. शनव्वर, डॉ. संगीता बिजलवाण जोशी सहित सभी स्वयंसेवकों ने समाज को नशा मुक्त बनाने की शपथ ली।



