हर ब्लॉक में रेडियोलॉजिस्ट, टेक्नीशियन और महिला डॉक्टर होंगे तैनात: डॉ. धन सिंह रावत

पौड़ी, 02 मार्च 2026। प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने रविवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज के बेस चिकित्सालय श्रीनगर में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू इस नि:शुल्क अभियान के तहत प्रदेश की 1.22 लाख बेटियों को 90 दिनों में टीका लगाया जाएगा। इसके लिए 155 टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने इसे आयुष्मान योजना के बाद बेटियों की सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया। कार्यक्रम में मंत्री ने हाई-टेक एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर बेस चिकित्सालय को समर्पित किया और टीकाकरण कराने पहुंची बालिकाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए।
उन्होंने कहा कि बेस अस्पताल में रोजाना एक हजार से अधिक मरीज पहुंचते हैं, जिसे देखते हुए तीन करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही विधायक निधि से जिले में अब तक सात एंबुलेंस उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। मेडिकल कॉलेज को करीब 30 करोड़ रुपये की धनराशि दी गई है और डैम कॉलोनी में 400 नाली भूमि पर आवास निर्माण की योजना भी बनाई गई है।
डॉ. रावत ने घोषणा की कि प्रदेश के 95 ब्लॉकों में रेडियोलॉजिस्ट और टेक्नीशियन तैनात किए जाएंगे। प्रत्येक ब्लॉक अस्पताल में एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराई जाएगी तथा हर ब्लॉक में एक महिला डॉक्टर की नियुक्ति होगी, ताकि गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, प्रभारी प्राचार्य डॉ. विनीता रावत सहित अन्य चिकित्सक व अधिकारी उपस्थित रहे।



