टिहरी लेक फेस्टिवल में आगराखाल–कसमोली ट्रैकिंग का रोमांच, 50 प्रतिभागियों ने निहारा हिमालय का सौंदर्य

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

बांज-बुरांश के जंगलों के बीच 3.5 किमी ट्रैकिंग, आगराखाल–कसमोली रूट बना आकर्षण का केंद्र

टिहरी गढ़वाल, 7 मार्च 2026। कोटी कॉलोनी में आयोजित “हिमालयन ओ–2 : द टिहरी लेक फेस्टिवल” के दूसरे दिन प्रतिभागियों को हिमालय के खूबसूरत ट्रैकिंग मार्गों से परिचित कराने के उद्देश्य से आगराखाल–कसमोली ट्रैकिंग का आयोजन किया गया।

ट्रैकिंग कार्यक्रम को उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर आशीष घिल्डियाल तथा डीएफओ नरेंद्रनगर दिगंत नायक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आगराखाल से कसमोली तक आयोजित इस ट्रैकिंग में वन विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस विभाग, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों सहित करीब 50 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
करीब 3.5 किलोमीटर लंबा यह ट्रैक घने बांज और बुरांश के जंगलों के बीच से होकर गुजरता है। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर इस मार्ग पर प्रतिभागियों को हिमालयी वादियों का अद्भुत अनुभव मिला, जो इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण बना।
डीएफओ नरेंद्रनगर दिगंत नायक ने कहा कि आगराखाल–कसमोली ट्रैकिंग रूट अत्यंत सुंदर और स्वच्छ पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने की बड़ी संभावनाएं रखता है। यहां पर्यटकों की संख्या बढ़ने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
ग्राम प्रधान कसमोली मंजू रमोला ने कहा कि यह ट्रैक स्वच्छता की दृष्टि से बेहद साफ-सुथरा है। उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि वे ट्रैकिंग के दौरान स्वच्छता बनाए रखें। इसके लिए मार्ग में विभिन्न स्थानों पर कूड़ादान भी लगाए गए हैं।
ट्रैकिंग में शामिल स्थानीय युवती मनीषा कंडारी ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह क्षेत्र बेहद सुंदर और स्वच्छ ट्रैकिंग रूट है और इसकी स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
गौरतलब है कि आगराखाल–कसमोली ट्रैक टिहरी जनपद का एक उभरता हुआ ऑफबीट ट्रैकिंग डेस्टिनेशन है, जो कसमोली बुग्याल से दिखाई देने वाले हिमालयी दृश्यों, विंटर लाइन और स्थानीय संस्कृति के लिए प्रसिद्ध हो रहा है। यह ट्रैक ऋषिकेश–चंबा मार्ग पर स्थित आगराखाल से शुरू होकर कसमोली गांव और बुग्याल तक पहुंचता है।
कार्यक्रम के अंत में ट्रैकिंग का विधिवत समापन किया गया तथा सभी 50 प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर तहसीलदार नरेंद्रनगर अयोध्या प्रसाद उनियाल, उप प्रभागीय वनाधिकारी किशोर नौटियाल, वन क्षेत्राधिकारी विवेक जोशी, चौकी प्रभारी आगराखाल आमिर खान, व्यापार मंडल अध्यक्ष डॉ. धर्मानंद रतूड़ी, जिलाध्यक्ष व्यापार मंडल सुरेंद्र सिंह कंडारी, महामंत्री विकास रावत, क्षेत्र पंचायत सदस्य बीना रमोला, पूर्व जिला पंचायत सदस्य दयाल सिंह रावत सहित वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!