यह जर्जर छात्रावास बना नशेड़ियों का अड्डा, स्थानीय लोगों ने डीएम से की कार्रवाई की मांग

Govind Pundir
3 Min Read
खबर को सुनें

टिहरी गढ़वाल, 16 मार्च। नई टिहरी नगर पालिका क्षेत्र के बौराड़ी स्थित राजकीय प्रताप इंटर कॉलेज के परित्यक्त छात्रावास भवन में नशेड़ियों और कबाड़ियों का अड्डा बनने से स्थानीय लोगों में गहरी चिंता है। इस संबंध में क्षेत्र के निवासी और वरिष्ठ पत्रकार महिपाल सिंह नेगी ने जिला कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में जिलाधिकारी को शिकायत पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में बताया गया है कि बौराड़ी में स्थित प्रताप इंटर कॉलेज का छात्रावास भवन लंबे समय से बंद पड़ा है और संभवतः कभी संचालित भी नहीं हुआ। समय के साथ भवन जर्जर हो गया है और उसकी देखरेख न होने के कारण वहां अवैध गतिविधियां बढ़ने लगी हैं।
नेगी के अनुसार इस भवन के पास से ओपन मार्केट से अस्पताल रोड को जोड़ने वाला मार्ग गुजरता है। इस मार्ग के एक ओर बालिका इंटर कॉलेज और दूसरी ओर प्रताप इंटर कॉलेज स्थित है। रास्ते के आसपास झाड़ियां उग आई हैं, जिससे यहां अक्सर नशेड़ी युवक बैठते रहते हैं। अब स्थिति यह हो गई है कि नशेड़ी युवक कॉलेज की दीवार फांदकर छात्रावास भवन के अंदर तक पहुंच जाते हैं।
बताया गया कि नशेड़ी और कबाड़ी भवन की खिड़कियों की चौखट और रेलिंग तक उखाड़ कर ले जा चुके हैं, जिससे भवन को लगातार नुकसान हो रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यहां कोई बड़ी घटना भी हो सकती है।
महिपाल सिंह नेगी ने अपने पत्र में कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से बने इस भवन में लगभग 24 कमरे हैं, जिसमें करीब 100 छात्रों के रहने की व्यवस्था हो सकती है। उन्होंने सुझाव दिया कि भवन की मरम्मत कर इसे छात्रावास या अन्य शैक्षणिक सुविधा के रूप में संचालित किया जाए। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पूर्व में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) द्वारा इस भवन को अपने उपयोग में लेने का प्रस्ताव भी दिया गया था।
स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि इस गंभीर समस्या पर संज्ञान लेते हुए भवन की सुरक्षा, मरम्मत और उपयोग को लेकर जल्द ठोस निर्णय लिया जाए, ताकि शैक्षणिक संपत्ति का संरक्षण हो सके और क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।

Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!