टिहरी गढ़वाल/पंतनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर ने शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर, एमबीए/एमबीए (एग्रीबिजनेस), एमसीए तथा पीएचडी पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु अधिसूचना जारी कर दी है। विश्वविद्यालय ने सभी अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन करने के निर्देश दिए हैं। विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट और प्रवेश पोर्टल पर उपलब्ध है।

जारी कार्यक्रम के अनुसार स्नातकोत्तर एवं पीएचडी पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा 06 जून 2026 (शनिवार) को प्रातः 10 बजे से अपराह्न 1 बजे तक आयोजित की जाएगी, जबकि स्नातक एवं एमसीए पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा 07 जून 2026 (रविवार) को इसी समयावधि में होगी।
स्नातक स्तर पर बी.एससी. (ऑनर्स) एग्रीकल्चर, बी.टेक फूड टेक्नोलॉजी, बी.वी.एससी. एंड ए.एच., बी.एफ.एससी., बी.एससी. (ऑनर्स) कम्युनिटी साइंस तथा बी.टेक बायोटेक्नोलॉजी सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश दिए जाएंगे। एमबीए/एमबीए (एग्रीबिजनेस) में प्रवेश CAT/CMAT एवं विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा की मेरिट के आधार पर होगा, जबकि पीएचडी (मैनेजमेंट) में प्रवेश विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन की अवधि 23 मार्च 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक निर्धारित की गई है। प्रायोजित (स्पॉन्सर्ड) अभ्यर्थियों के लिए आवेदन अवधि 01 जुलाई 2026 से 30 जुलाई 2026 तक रहेगी। आवेदन शुल्क सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 1200 रुपये तथा अनुसूचित जाति/जनजाति/दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए 600 रुपये निर्धारित किया गया है। एमबीए/एमबीए (एग्रीबिजनेस) एवं पीएचडी (मैनेजमेंट) के लिए आवेदन शुल्क सभी अभ्यर्थियों हेतु 1500 रुपये रखा गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इच्छुक अभ्यर्थियों से समय रहते ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।



