सीमांत गांव गेंवाली पहुंचीं डीएम नितिका खण्डेलवाल

Govind Pundir
3 Min Read
Please click to share News

खबर को सुनें

समस्याएं सुनीं; पुल निर्माण व आपदा कार्यों की जांच के आदेश

टिहरी गढ़वाल, 09 अप्रैल 2026। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल एवं विधायक शक्ति लाल शाह ने गुरुवार को सीमांत गांव गेंवाली का दौरा किया। हल्की बारिश के बीच स्कूली बच्चों ने बैंड-बाजे के साथ तथा ग्रामीणों ने पारंपरिक अंदाज में उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान जिलाधिकारी महिलाओं और बच्चों से रूबरू हुईं और बच्चों को चॉकलेट भी वितरित कीं।
भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने सात सूत्रीय मांग पत्र सौंपते हुए सड़क, संचार, शिक्षा और आपदा सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
डीएम ने गेंवाली पुल निर्माण कार्य तथा वर्ष 2022 के बाद कराए गए आपदा कार्यों का संज्ञान लेते हुए संभावित अनियमितताओं की जांच के आदेश दिए। उन्होंने उपजिलाधिकारी, लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम गठित कर एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
उन्होंने सड़क मार्ग पर गिरे मलबे व पत्थरों को हटाने के निर्देश निर्माण कंपनी को दिए, ताकि ग्रामीणों का आवागमन सुचारु हो सके। साथ ही पिछले वर्ष की वर्षा से बने डेंजर जोन और बरसाती नालों से संभावित खतरे को देखते हुए भू-गर्भीय जांच कराने के निर्देश भी दिए।
ग्रामीणों ने क्षेत्र में संचार व्यवस्था कमजोर होने की समस्या उठाई, जिस पर विधायक शक्ति लाल शाह ने बताया कि संचार सुदृढ़ीकरण की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई जाएगी।
आपदा में क्षतिग्रस्त उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पढ़ रहे 46 बच्चों की शिक्षा प्रभावित होने पर जिलाधिकारी ने प्राथमिकता के आधार पर विद्यालय के कार्य शीघ्र पूरा कराने का आश्वासन दिया। वहीं आपदा से क्षतिग्रस्त भगवान सोमेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण और चारदीवारी निर्माण के लिए विधायक ने विधायक निधि से 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने क्षेत्र में उप स्वास्थ्य केंद्र खोलने के प्रयास भी जारी होने की बात कही।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गेंवाली में आपदा से प्रभावित सभी कार्य समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख राजीव कण्डारी, नगर पंचायत चमियाला अध्यक्ष गोविन्द सिंह राणा, ग्राम प्रधान बिजेश्वरी देवी, एसडीएम घनसाली अलकेश नौडियाल, तहसीलदार हरीश जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।


Please click to share News
Share This Article
Follow:
*** संक्षिप्त परिचय / बायोडाटा *** नाम: गोविन्द सिंह पुण्डीर संपादक: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल टिहरी। उत्तराखंड शासन से मान्यता प्राप्त वरिष्ठ पत्रकार। पत्रकारिता अनुभव: सन 1978 से सतत सक्रिय पत्रकारिता। विशेषता: जनसमस्याओं, सामाजिक सरोकारों, संस्कृति एवं विकास संबंधी मुद्दों पर गहन लेखन और रिपोर्टिंग। योगदान: चार दशकों से अधिक समय से प्रिंट व सोशल मीडिया में निरंतर लेखन एवं संपादन वर्तमान कार्य: गढ़ निनाद न्यूज़ पोर्टल के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान करना।
error: Content is protected !!