टिहरी गढ़वाल, 23 अप्रैल 2026। टिहरी पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए कई दिनों से आस्था पथ एवं स्वामीनारायण आश्रम के आसपास लावारिस अवस्था में घूम रही अर्धविक्षिप्त महिला को सुरक्षित आश्रय दिलाया।
महिला की मानसिक स्थिति अस्थिर होने के कारण उसके साथ किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई थी।सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने तत्काल क्षेत्राधिकारी नरेंद्रनगर एवं प्रभारी निरीक्षक मुनि की रेती को महिला के संबंध में जानकारी एकत्रित कर उसके पुनर्वास की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में मुनि की रेती पुलिस टीम ने महिला से पूछताछ की, लेकिन वह अपने नाम “इंदिरा” के अतिरिक्त कोई जानकारी देने में असमर्थ रही।महिला आरक्षी की सहायता से उसे पुलिस चौकी जानकी सेतु लाया गया, जहां उसे स्नान, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।
पुलिस टीम ने शांतिपूर्वक सांत्वना देते हुए पुनः जानकारी प्राप्त करने का प्रयास किया, परंतु उसकी मानसिक स्थिति अत्यंत कमजोर होने के कारण वह कुछ भी बताने में असमर्थ रही।इसके बाद पुलिस द्वारा महिला का चिकित्सीय परीक्षण राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश में कराया गया। समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के लिए टिहरी पुलिस टीम ने उसे उत्तर प्रदेश के शामली स्थित “अपना घर आश्रम” में स्वयं ले जाकर सुरक्षित रूप से दाखिल कराया।
उल्लेखनीय है कि “अपना घर आश्रम” मानसिक रूप से अस्वस्थ एवं असहाय महिलाओं और पुरुषों को आश्रय, देखभाल और पुनर्वास प्रदान करने वाली प्रतिष्ठित स्वयंसेवी संस्था है। टिहरी पुलिस की इस सराहनीय पहल को आस्था पथ क्षेत्र के आश्रम संचालकों, स्थानीय निवासियों और यात्रियों ने सराहा है। यह कार्य पुलिस की मानवीय संवेदनशीलता, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।




