टिहरी गढ़वाल 06 अप्रैल 2026। जनपद टिहरी गढ़वाल की नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने पुलिस कार्यालय नई टिहरी में समस्त थाना प्रभारियों, प्रभारी निरीक्षकों एवं शाखा प्रभारियों के साथ पहली समीक्षा बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, फरियादियों की शिकायतों का त्वरित व निष्पक्ष निस्तारण करने और चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान एसएसपी ने थानों की भौगोलिक स्थिति, यातायात व्यवस्था, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, बैंक सुरक्षा, गार्ड व्यवस्था और सीसीटीवी नेटवर्क की विस्तृत जानकारी ली। चारधाम यात्रा को देखते हुए मुनि की रेती क्षेत्र में संभावित जाम से निपटने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान तैयार कर उसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही आवश्यक स्थानों पर नए सीसीटीवी कैमरे लगाने और खराब साइन बोर्डों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने यात्रा मार्ग पर पर्यटन पुलिस की पर्याप्त तैनाती, यात्रा से पूर्व व्यवहारिक प्रशिक्षण, नियमित गश्त और पीड़ित-केंद्रित पुलिसिंग पर जोर दिया। समस्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश भी दिए गए।
एसएसपी ने विभिन्न अभियानों की समीक्षा करते हुए “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों पर सख्त कार्रवाई, “ऑपरेशन स्माइल” के अंतर्गत गुमशुदा व्यक्तियों/बच्चों की शत-प्रतिशत बरामदगी और “ऑपरेशन शिनाख्त” के तहत अज्ञात शवों की पहचान सुनिश्चित करने को कहा गया। तेज रफ्तार व ड्रंक-एंड-ड्राइव पर कार्रवाई, नशा उन्मूलन अभियान तेज करने और घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम की समयबद्ध उपलब्धता पर भी जोर दिया गया।
एसएसपी ने मकान-मालिकों और दुकानदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, बैंक-एटीएम व आभूषण दुकानों की सुरक्षा बढ़ाने तथा राजस्व क्षेत्रों में गंभीर अपराधों की सूचना पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सभी थानों को एनसीआरबी व अन्य पोर्टलों का नियमित अद्यतन सुनिश्चित करने के साथ ही चारधाम यात्रा की तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।




