टिहरी गढ़वाल, 7 अप्रैल। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जनपद टिहरी गढ़वाल के विकासखण्ड भिलंगना के सुदूरवर्ती गांव गंगी में स्वास्थ्य एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशों तथा जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल श्री नितिन शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। शिविर का संचालन सिविल जज (सी.डी.)/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण टिहरी गढ़वाल श्री आलोक राम त्रिपाठी के नेतृत्व में किया गया।

शिविर का उद्देश्य दुर्गम ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें स्वास्थ्य और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान चिकित्सकों की टीम द्वारा ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मरीजों का ब्लड प्रेशर, शुगर, आंखों की जांच सहित सामान्य रोगों की जांच की गई तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री आलोक राम त्रिपाठी ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने स्वच्छता, पोषण और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर जोर देते हुए ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों से भी अवगत कराया। शिविर के दौरान कई ग्रामीणों ने आयुष्मान कार्ड न बनने की समस्या रखी, जिस पर सचिव ने चिकित्सक दल को ग्राम प्रधान द्वारा प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर डॉ. हुकम सिंह गुनसोला ने ग्रामीणों को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की जानकारी दी, जबकि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के रिटेनर अधिवक्ता श्री राजपाल सिंह मियां ने निःशुल्क कानूनी सहायता एवं विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली के बारे में जागरूक किया।
शिविर में ग्राम प्रधान श्रीमती अगौरा देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पराविधिक स्वयंसेवी श्रीमती अनीता देवी, श्रीमती अनीता कोटनाला, श्रीमती मीनाक्षी देवी सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।




